इंस्टाग्राम पर हुआ प्यार, बांग्लादेशी युवती ने बिना पासपोर्ट कर ली भारत में एंट्री! जानें आगे क्या हुआ?

Illegal Immigration: इंस्टाग्राम पर हुए प्यार में एक 20 वर्षीय बांग्लादेशी युवती अवैध रूप से सीमा पार कर जलगांव पहुँच गई। पुलिस ने बिना पासपोर्ट-वीजा के रह रही इस युवती को किया गिरफ्तार। जानें मामला।
Love Blossoms on Instagram: Bangladeshi Woman Enters India Without a Passport! Find Out What Happened Next
पुलिस की कार्यवाही (एआई फोटो)
Updated on

Bangladeshi Girl In Jalgaon: सोशल मीडिया के जरिए सरहदों को पार करने वाले इश्क के किस्से थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सीमा हैदर और अंजू के बाद अब महाराष्ट्र के जलगांव शहर से एक ऐसा ही मामला सामने आया है। यहाँ एक 20 वर्षीय बांग्लादेशी युवती अपने प्रेमी से मिलने के लिए अवैध तरीके से अंतरराष्ट्रीय सीमा लांघकर भारत में दाखिल हो गई। हालांकि, उसका यह इश्क उसे भारी पड़ गया और फिलहाल वह पुलिस की गिरफ्त में है।

कैसे हुआ खुलासा?

जलगांव के शनिपेठ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के जोशी पेठ, भोई गली इलाके में एक विदेशी महिला बिना किसी कानूनी दस्तावेज या अनुमति के रह रही है। इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की। जाँच के दौरान पुलिस को वहाँ कोणीका रानी शामलचंद्र राय (उम्र 20 वर्ष) नामक युवती मिली। जब पुलिस ने उससे पासपोर्ट और वीजा की मांग की, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा सकी। कड़ाई से पूछताछ करने पर पता चला कि वह मूल रूप से बांग्लादेश की रहने वाली है।

इन्स्टाग्राम वाली लव स्टोरी

पूछताछ में जो कहानी सामने आई, वह किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं थी। जलगांव में सोने के कारीगर के रूप में काम करने वाले चिन्मय जगन्नाथ वाला की पहचान इंस्टाग्राम पर कोणीका रानी से हुई थी। धीरे धीरे यह दोस्ती प्यार में बदल गई। चिन्मय के प्यार में पागल कोणीका ने उससे शादी करने का फैसला किया और बिना किसी कानूनी प्रक्रिया के बांग्लादेश की सीमा पार कर भारत पहुँच गई।

शादी का दावा, पर कागजात नदारद

पुलिस की कार्रवाई के दौरान प्रेमी जोड़े ने दावा किया कि उन्होंने शादी कर ली है और वे पति पत्नी की तरह रह रहे हैं। लेकिन जब पुलिस ने विवाह का कोई आधिकारिक प्रमाण माँगा, तो उनके पास कोई जवाब नहीं था। भारत में अवैध रूप से रहने के कारण पुलिस ने कोणीका रानी को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, उसे आश्रय देने और जानते हुए भी जानकारी छिपाने के आरोप में चिन्मय वाला के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस की कड़ी कार्रवाई

शनिपेठ पुलिस ने इस मामले में इमिग्रेशन एक्ट (आप्रवासन अधिनियम) और विदेशी नागरिक अधिनियम 2025 के तहत मामला दर्ज किया है। सहायक पुलिस निरीक्षक साजिद मंसूरी इस मामले की जाँच कर रहे हैं। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि कोणीका ने सीमा कहाँ से पार की और इस अवैध यात्रा में उसे किन लोगों ने मदद पहुँचाई।

इस घटना ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा और सोशल मीडिया के जरिए बढ़ते अवैध प्रवेश के खतरों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन अब जलगांव में रह रहे अन्य बाहरी नागरिकों की भी बारीकी से जाँच कर रहा है।

Navbharat Live
navbharatlive.com