रेलवे माल परिवहन होगा और मजबूत, अश्विनी वैष्णव बोले- तेल संकट से निपटने की तैयारी में सरकार

Indian Railway Freight System: अमेरिका-ईरान तनाव के बीच संभावित तेल संकट को देखते हुए केंद्र सरकार रेलवे माल परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में जुट गई है। रेल मंत्री ने कई बड़े संकेत दिए।
Indian Railway Freight System News
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव (सौ. सोशल मीडिया )
Published on
Updated on

Indian Railway Freight System News: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि देश भर में रेलवे की माल परिवहन व्यवस्था को अधिक सक्षम और जवाबदेह बनाया जाएगा, ताकि अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण उत्पन्न तेल संकट की चुनौतियां से निपटा जा सके।

यह बात रेल मंत्री ने बुधवार को व्यापार महासंघ कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के पदाधिकारियों के साथ हुई एक चर्चा में कही।देश के 15 राज्यों से गए प्रमुख व्यापारिक नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद व कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण एवं संवादात्मक बैठक रेल भवन में केंद्रीय रेल मंत्री के साथ हुई.

इस बैठक में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार सहित रेल मंत्रालय के अनेक वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। बैठक में रेलवे माल परिवहन प्रणाली को अधिक सक्षम, पारदर्शी, समयबद्ध एवं जवाबदेह बनाने,अनेक राज्यों में विभिन्न स्टेशनों को अधिक सुविधायुक्त बनाने सहित जुड़े अनेक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे को आधुनिक, तकनीक-सक्षम और विश्वस्तरीय परिवहन प्रणाली बनाने का कार्य तेज गति से चल रहा है।

रेलवे माल परिवहन को अधिक कुशल, भरोसेमंद और व्यापार-अनुकूल बनाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया की रेलवे अपनी कंटेनर सेवा के ज़रिए देश भर में माल ढुलाई को अधिक सुविधापूर्ण बना चुका है और अब इसका विस्तार करने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी नेताओं के सुझाव रेलवे सुधारों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

रेलवे परिवहन, सड़क परिवहन से सस्ता

'कैट' के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीण खंडेलवाल और राष्ट्रीय मंत्री शंकर ठक्कर ने रेलवे मंत्री से कहा कि महंगे हो रहे खाद्य तेल, जिस पर कुछ दिनों पहले ही प्रधानमंत्री ने चिंता जताई है, को काबू में लाने के लिए खाद्य तेल के परिवहन के लिए रेलवे द्वारा पॉलिसी बनाकर व्यवस्था करने की जरुरत है क्योंकि रेलवे परिवहन सड़क परिवहन के मुकाबले काफी सस्ता है।

हम देश की खपत का 60 से अधिक प्रतिशत खाद्य तेल दुनिया के अलग-अलग देशों से आयात करना पड़ता है, जो बंदरगाह पर से पूरे देश में वितरित किया जाता है. यदि सरकार ने यह व्यवस्था कर दी तो देश के आम लोगों को सस्ता खाद्य तेल उपलब्ध कराया जा सकता है।

इसके अलावा दक्षिणी राज्यों से पुराने समय में मुंबई में रैंक के द्वारा चावल लाया जाता था, जो बीच के वर्षों में सरकारी नीतियों में आया बदलाव के कारण करीब करीब ठप पड गया है. इस पर भी यदि पॉलिसी बनाई गई तो दक्षिणी राज्यों से किफायती दामों पर चावल उपलब्ध कराया जा सकता है।

वाशी-ठाणे लोकल रात 1:00 बजे तक चलाई जाए : ठक्कर

'कैट' के राष्ट्रीय मंत्री शंकर ठक्कर ने बताया कि हमने रेल मंत्री के समक्ष मुंबई की लोकल रेलवे की समस्याएं भी रखी और रात्रि में वाशी (नवी मुंबई) से ठाणे तक रात 1.00 बजे तक लोकल चलाने का आग्रह किया, जिस पर रेल मंत्री ने जल्द विचार का आश्वासन दिया। फिलहाल वाशी से ठाणे के लिए रात में 11.25 बजे अंतिम लोकल है और यह टाइमटेबल पिछले करीब 10 साल से ज्यों का त्यों है।

जबकि पिछले 10 वर्षों में नवी मुंबई की आबादी करीब 4 गुना बढ़ गयी है। रात्रि में बड़ी संख्या में यात्री ठाणे, कल्याण और अन्य स्थानों के लिए नवी मुंबई से जाते हैं, लेकिन रात में लोकल नहीं होने से काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।

मुंबई से नवभारत लाइव के लिए सूर्यप्रकाश मिश्र की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com