तिरोड़ा में गूंजे जय श्रीराम के जयकारे: भव्य शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाब, झांकियों और भक्ति संगीत ने मोहा मन

तिरोड़ा में भव्य रामनवमी शोभायात्रा ने आकर्षण का केंद्र बना। युवा, महिलाएं और ग्रामीणों ने मिलकर मनाया उत्सव।
godia-155
Published on
Updated on

Gondia Festivals News: तिरोड़ा में रामनवमी के अवसर पर नगर उत्सव समिति तिरोड़ा द्वारा शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने पूरे नगर को भक्तिमय वातावरण में रंग दिया।

शोभायात्रा स्टेशन रोड स्थित गजानन महाराज मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए निकाली गई। इस दौरान परंपरा, संस्कृति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला।

युवा वर्ग भगवा ध्वज लेकर बैंड-बाजों की धुन पर उत्साह के साथ झूमता नजर आया। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जय श्रीराम के नारों की गूंज रही। शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिला-पुरुष इस शोभायात्रा में शामिल हुए।

मार्ग पर जगह-जगह स्वागत द्वार, बैनर, पोस्टर और भगवा पताकाओं से चौराहे सजे नजर आए। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम दरबार, राधा-कृष्ण, हनुमान, वराह अवतार और छत्रपति शिवाजी महाराज की आकर्षक झांकियां विशेष आकर्षण रहीं।

डीजे की धुन पर युवाओं ने जय श्रीराम के नारों के साथ उत्साहपूर्वक नृत्य किया, वहीं कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से माहौल को और जीवंत बना दिया। रामलीला की टोली का नगर भ्रमण के दौरान नागरिकों ने घरों के सामने दीप प्रज्वलित कर और रंगोली सजाकर स्वागत किया।

शोभायात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा महाप्रसाद की व्यवस्था की गई थी। पोहा, मठ्ठा, जलेबी, ठंडा पानी और नाश्ते के स्टॉल लगाए गए, जिनका नागरिकों ने लाभ उठाया।

पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। यह शोभायात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकता और उत्साह का भी प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत कर गई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com