Maharashtra News: तिरोड़ा-गोरेगांव मार्ग पर चिखली गांव के पास जर्जर सड़क के विरोध में ग्रामवासियों ने शनिवार को रास्ता रोको आंदोलन किया। सरपंच कैलाश पटले के नेतृत्व में ग्रामीणों ने करीब दो घंटे तक मार्ग जाम रखकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ा डामर और उड़ती धूल के कारण आवागमन मुश्किल हो गया है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है, वहीं धूल से स्वास्थ्य पर भी असर पड़ रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
आंदोलन की सूचना मिलने पर विधायक विजय रहांगडाले मौके पर पहुंचे और ठेकेदार को तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही धूल नियंत्रण के लिए पानी के टैंकर लगाने के आदेश दिए। आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त कर दिया गया।