Gondia Road Accident: हैदराबाद जा रहे मजदूरों की पिकअप की ट्रक से टक्कर, 3 की मौत और 11 घायल

Gondia Truck Pickup Collision: गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर ट्रक और पिकअप की भीषण टक्कर में 3 मजदूरों की मौत और 11 घायल हो गए। सभी मजदूर बालाघाट से हैदराबाद काम के लिए जा रहे थे।
Gondia Truck Pickup Collision On Highway
गोंदिया में भीषण सड़क हादसा(सोर्स: AI)
Published on
Updated on

Gondia Truck Pickup Collision On Highway: महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में सोमवार और मंगलवार की मध्यरात्रि एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर नागरा इलाके में हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग मध्य प्रदेश के बालाघाट के रहने वाले मजदूर थे। ये सभी रोजगार के सिलसिले में पिकअप वाहन से हैदराबाद जा रहे थे।

नागरा परिसर में पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उनकी गाड़ी की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की जानकारी मिलते ही नागरा क्षेत्र के स्थानीय लोग और ग्रामीण पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटना की भयावह स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर बचाव अभियान शुरू किया। पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण कई लोग उसके अंदर फंस गए थे।

काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को तत्काल गोंदिया जिले के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घायलों में कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए हैं।

हादसे में जान गंवाने वाले तीनों लोगों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस ने मृतकों की पहचान और उनके परिजनों की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे की सूचना संबंधित परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास भी किया जा रहा है।

Gondia Truck Pickup Collision On Highway
11वें दिन भी जरांगे का अनशन; महाराष्ट्र सरकार ने मराठा-कुनबी छात्रों को 200 करोड़ से रोजगार तक दी 4 बड़ी सौगात

हादसे के कारणों की पड़ताल

हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि टक्कर के समय दोनों वाहनों की गति कितनी थी और सड़क पर उस समय परिस्थितियां कैसी थीं। दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए गोंदिया-बालाघाट मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारु कराया।

हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मजदूरों के परिवारों में घटना की खबर पहुंचने के बाद मातम का माहौल है। गोंदिया पुलिस की जांच के बाद ही हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com