गोंदिया के 30 गांवों में जलसंकट, खांभी जलापूर्ति योजना 1 सितंबर से ठप, तत्काल शुरू करने की मांग

Gondia Water Crisis: गोंदिया के अर्जुनी मोरगांव तहसील में खांभी प्रादेशिक जलापूर्ति योजना 1 सितंबर से बंद है। करीब 30 गांवों में पानी की आपूर्ति ठप होने से ग्रामीण परेशान हैं।
gondia khambhi water supply scheme 30 villages water crisis
खांभी प्रादेशिक जलापूर्ति योजना(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Gondia Water Supply Problem: गोंदिया जिले के अर्जुनी मोरगांव तहसील के खांभी प्रादेशिक जलापूर्ति योजना के अंतर्गत करीब 30 गांवों में होने वाली जलापूर्ति पिछले कई दिनों से ठप है। वर्षों से शुरू इस योजना के अचानक बंद हो जाने से नागरिकों में तीव्र नाराजगी है। जलजीवन मिशन के तहत घर-घर नल पहुंचाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन नलों में पानी ही नहीं आने से योजना की कार्यक्षमता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

1 सितंबर से नलों में पानी बंद होने के कारण बोडदे, कवठा, सुकडी, खैरी, बाराभाटी, येरंडी समेत अन्य गांवों के नागरिकों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और छोटे बच्चों को उठानी पड़ रही है। महिलाओं को दूर-दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। नलधारक 200 रु. तक पानीपट्टी भरने के लिए तैयार हैं। जलजीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से पानी पहुंचाना है। लेकिन योजना के बावजूद नलों में पानी नहीं पहुंचने से ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति रोष बढ़ रहा है।

महिलाओं के सिर पर फिर हंडे न आएं

ग्राम पंचायत सदस्य धम्मदीप मेश्राम ने प्रशासन से मामले पर तत्काल दखल लेकर खांभी प्रादेशिक जलापूर्ति योजना पूर्ववत शुरू करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि वे पानी का बिल भरने के लिए तैयार हैं, लेकिन नियमित पानी ही नहीं मिलेगा तो योजना का क्या लाभ?

इस बीच बोछदे, कवठा, सुकडी, खैरी, बाराभाटी और येरंडी क्षेत्र की महिलाओं ने पानी की समस्या को लेकर तीव्र आंदोलन करने की चेतावनी दी है। महिलाओं का कहना है कि यदि जल्द जलापूर्ति शुरू नहीं की गई तो उन्हें सड़कों पर उतरकर जल आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। प्रशासन से तत्काल पानी की व्यवस्था शुरू करने की मांग की जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com