भंडारा में 2.30 लाख के बिजली बिल से NH पर अंधेरा; पवनी में हादसों का खतरा बढ़ा, शिवसेना की चेतावनी

पवनी से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर 2.30 लाख का बिजली बिल बकाया होने से स्ट्रीट लाइट काट दी गई है। अंधेरे के कारण बढ़ते हादसों को लेकर शिवसेना ने प्रशासन को उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
godia-480
Published on
Updated on

Bhandara National Highway News: भंडारा पवनी क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर पिछले कई दिनों से स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण यह मार्ग हादसों का केंद्र बन गया है। मात्र 2,30,210 रुपये के बिजली बिल की बकाया राशि के चलते विद्युत आपूर्ति काट दी गई है, जिससे पूरा मार्ग अंधेरे में डूबा हुआ है। प्रशासन की इस लापरवाही से नागरिकों की जान जोखिम में पड़ गई है। इस मामले में शिवसेना पदाधिकारी धनराज उपरीकर और संजय पुरी वैकुंठे ने आक्रामक रुख अपनाते हुए प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया है।

अंधेरे से बढ़े हादसे राष्ट्रीय राजमार्ग पर दिनरात भारी यातायात रहता है, लेकिन स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण वाहन चालकों को रास्ता स्पष्ट दिखाई नहीं देता। इसके चलते इस क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। शिवसैनिकों का कहना है कि केवल ढाई लाख के करीब रुपये की बकाया राशि के कारण पूरे राजमार्ग को अंधेरे में रखना नागरिकों की जान से खिलवाड़ है।

सुरक्षा पर उठे सवाल एक ओर सरकार सड़क सुरक्षा की बात करती है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय प्रशासन इतनी छोटी राशि के कारण पथदिवों की व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहा है। आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारी इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। शिवसेना पदाधिकारियों ने मांग की है कि तत्काल बकाया बिजली बिल का भुगतान कर स्ट्रीट लाइट शुरू की जाए और इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

धनराज उपरीकर और संजय पुरी वैकुंठे ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्ट्रीट लाइट चालू नहीं की गई, तो शिवसेना स्टाइल में उग्र आंदोलन किया जाएगा। अब इस मामले में संबंधित विभाग क्या कदम उठाता है, इस पर पवनी के नागरिकों की नजरें टिकी हुई हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com