नागपुर में बारिश ने बिगाड़ा फेस्टिवल मूड, 7.2 डिग्री गिरा तापमान, बढ़ेगी ठंड, येलो अलर्ट जारी

Nagpur Weather Forecast: नागपुर में दिवाली के बाद भी जारी बारिश से लोगों का फेस्टिवल मूड बिगड़ा। तापमान 7.2 डिग्री गिरा, मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर तक बारिश के संकेत दिए।
Nagpur Weather Forecast: नागपुर में दिवाली के बाद भी जारी बारिश से लोगों का फेस्टिवल मूड बिगड़ा। तापमान 7.2 डिग्री गिरा, मौसम विभाग ने 31 अक्टूबर तक बारिश के संकेत दिए।
नागपुर में बारिश (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

IMD Nagpur Alert: नागपुर में सितंबर में हुई अतिवृष्टि ने किसानों को तबाह किया और अब बेमौसम बारिश लोगों का फेस्टिवल मूड बिगाड़ने पर तुली हुई है। बीते 2 दिनों से सिटी में बारिश हो रही है। दिवाली का त्योहार अभी खत्म नहीं हुआ है। दिवाली मिलन के कार्यक्रम रोज हो रहे हैं लेकिन बारिश आयोजनों में भी बाधा बन रही है। शनिवार को सुबह करीब 8.30 बजे से बादलों ने बरसना शुरू कर दिया।

कभी हल्की तो कभी मध्यम बारिश का सिलसिला लगभग 2 घंटे तक चला। सुबह 8.30 से रात 8.30 बजे तक 15.6 मिमी बारिश मौसम विभाग ने दर्ज की। करीब 11 बजे बादल थमे और शाम तक आराम फरमाया। देर शाम फिर आसमान में काले बादल छाये और झड़ी लग गई। देर रात तक अलग-अलग इलाकों में बादलों का बरसना जारी रहा। बारिश के चलते तापमान में काफी गिरावट आ गई जिससे ठंडकता काफी बढ़ गई।

पंचमी का उत्साह पड़ा ठंडा

जिन नागरिकों ने 20 अक्टूबर को लक्ष्मीपूजन किया था उन लोगों ने शनिवार को पंचमी मनाई लेकिन बारिश के चलते उनका उत्साह ठंडा पड़ गया। जिन लोगों ने 21 अक्टूबर को लक्ष्मीपूजन किया व 26 अक्टूबर को पंचमी मनाने वाले हैं, उनके समक्ष परेशानी खड़ी हो गई है। अमूमन व्यापारी वर्ग पंचमी को लक्ष्मी पूजा करते हैं। आतिशबाजी की जाती है लेकिन बेमौसम बारिश ने उनका भी मूड बिगाड़ दिया है। छठ पूजा महोत्सव भी जारी है। उस पर भी बारिश ने रोड़ा अटका दिया है।

7.2 डिग्री गिरा तापमान

बारिश ने सिटी के तापमान में 24 घंटों में ही 7.2 डिसे की गिरावट ला दी। शुक्रवार को सिटी का अधिकतम तापमान 34.0 डिसे दर्ज किया गया था जो शनिवार को 26.8 डिसे पर आ गया। यह औसत से 5.9 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.4 डिसे दर्ज किया गया।

31 तक ऐसा ही मौसम

मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि 31 अक्टूबर तक सिटी का मौसम कुछ इसी तरह का बना रहेगा। 26 अक्टूबर को अमूमन बदली छायी रहेगी और हल्की बारिश होगी। 27 से 29 तक रोज ही कुछ स्पेल की हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। 30 और 31 अक्टूबर को बदराया मौसम बना रहेगा और हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान सिटी का अधिकतम तापमान 31 डिसे और न्यूनतम तापमान के 22 डिसे तक बने रहने के संकेत हैं। जिले की बात करें तो इस दौरान 1-2 स्थानों पर यलो अलर्ट जारी किया गया है। गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com