गड़चिरोली के मुलचेरा में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ मुहिम, 10 लीटर महुआ शराब जब्त

Muktipath Organization Gadchiroli: महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले के मुलचेरा शहर में अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के लिए मुक्तिपथ शहर संगठन ने अभियान शुरू किया है।
gadchiroli mulchera illegal liquor sale action mahua liquor seized
मुक्तिपथ संगठन गड़चिरोली(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • गड़चिरोली जिले के मुलचेरा शहर में अवैध शराब की बिक्री पूरी तरह बंद कराने के उद्देश्य से मुक्तिपथ शहर संगठन ने बैठक आयोजित की।

  • संगठन का ज्ञापन मिलने के बाद पुलिस ने 10 लीटर महुआ शराब जब्त की और एक शराब विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज किया।

  • संगठन के अनुसार, मुलचेरा में लगभग दो वर्षों तक अवैध शराब बिक्री बंद थी, लेकिन पिछले कुछ दिनों से चोरी-छिपे बिक्री शुरू हो गई थी।

Gadchiroli Illegal Liquor Sale: गड़चिरोली जिले के मुलचेरा शहर में अवैध शराब बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के उद्देश्य से मुक्तिपथ शहर संगठन की बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने मुलचेरा पुलिस निरीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब बिक्री तत्काल बंद कराने की मांग की। पुलिस निरीक्षक ने इस पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कार्रवाई शुरू की और एक शराब विक्रेता के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बैठक के दौरान मुलचेरा शहर संगठन का पुनर्गठन किया गया।

इसमें सर्वसम्मति से अंबादास आत्राम को अध्यक्ष तथा कविता मेश्राम को उपाध्यक्ष चुना गया। शहर के प्रत्येक वार्ड में 'शक्तिपथ' और वार्ड संगठन गठित कर महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा स्थानीय पार्षदों की उपस्थिति में वार्ड सभाएं आयोजित कर क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री बंद कराने, नगर पंचायत में शराबबंदी के लिए आधिकारिक प्रस्ताव पारित करने हेतु पत्र देने तथा पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर सख्त कार्रवाई की मांग करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। गौरतलब है कि, पिछले लगभग दो वर्षों से मुलचेरा शहर में अवैध शराब बिक्री पूरी तरह बंद थी।

gadchiroli mulchera illegal liquor sale action mahua liquor seized
जलगांव सहकारी बैंक चुनाव में नए सियासी समीकरण! महायुति की साझा रणनीति परवान पर, महाविकास आघाड़ी में खींचतान

चोरी-छिपे अवैध शराब बिक्री

हालांकि, पिछले कुछ दिनों से शहर में चोरी-छिपे अवैध शराब बिक्री शुरू होने की जानकारी सामने आई। संगठन की ओर से कई बार मौखिक चेतावनी और अहिंसक प्रयास किए जाने के बावजूद शराब विक्रेताओं द्वारा बिक्री जारी रखी गई। इसके बाद संगठन ने बैठक लेकर ठोस कार्रवाई करने का निर्णय लिया।

इस अवसर पर मुलचेरा नगर पंचायत के नगराध्यक्ष काशिनाथ कनाके, शहर संगठन अध्यक्ष अंबादास न आत्राम, उपाध्यक्ष कविता मेश्राम, पार्षद सुनीता कुसनाके, प्रतिष्ठित नागरिक माधव नकुलमेथे, उमाकांत आत्राम तथा मुक्तिपथ के तहसील संयोजक रुपेश अंबादे समेत संगठन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

gadchiroli mulchera illegal liquor sale action mahua liquor seized
बीड की रूटी झील सूखी: मंत्री नितेश राणे ने दिए पंचनामा के निर्देश; CSR से हटेगी गाद, मछुआरों को मिलेगी मदद

प्रशासन से तत्काल बिक्री पर रोक लगाने की मांग

बैठक के पश्चात संगठन के पदाधिकारियों ने मुलचेरा पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक सुनील बागल को ज्ञापन सौंपा और शहर में चल रही अवैध शराब बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए पुलिस विभाग ने 10 लीटर महुआ शराब जब्त की तथा एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया।