

धुले : महाविकास आघाड़ी के घटक दल शिवसेना के उम्मीदवार और पूर्व विधायक अनिल गोटे ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव में EVM से छेड़छाड़ करने के लिए कंप्यूटर विशेषज्ञों की नियुक्ति की है। उन्होंने दावा करते हुए कहा है कि इसके लिए बीजेपी ने एक कंप्यूटर विशेषज्ञ को 2 करोड़ रुपए भी दिए हैं। इस संबंध में गोटे ने जिला अधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी व पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने कहा है कि अगर ऐसी कोई गतिविधि होती है तो वे न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
अपने आरोपों को लेकर उन्होंने सवाल उठाया है कि कुछ मतदान मशीनों के सॉफ्टवेयर के क्रमांक की जानकारी सत्ताधारी पक्ष के उम्मीदवारों को कैसे दी गई है। गोटे के मुताबिक एक कंप्यूटर विशेषज्ञ जोशी को 2 नवंबर को रात 9 बजे वाशी रोड पर 2 करोड़ रुपये दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोगों की विधानसभा चुनाव में कंप्यूटर मशीनों के माध्यम से EVM में छेड़छाड़ करने की योजना है।
पूर्व विधायक अनिल गोटे ने पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि शहर यातायात शाखा के एक कॉन्स्टेबल ने सागर आघाव नामक कार्यकर्ता को बेरहमी से पीटा। यह कॉन्स्टेबल कथित तौर पर भाजपा की प्रचार रैली में कार्यरत है और भाजपा के पे रोल पर काम कर रहा है। पत्र में उन्होंने आरोप लगाया कि इसके अलावा 3 अन्य कॉन्स्टेबल भी इसी तरह काम कर रहे हैं, जिसकी जानकारी अधिकारियों को नहीं है। गोटे ने पत्र में उल्लेख किया कि निर्वाचन आयोग ने निर्भय वातावरण में निर्वाचन कराने के लिए सख्त आदेश दिए हैं, जिनका पालन करना सभी के लिए आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि वे इस मामले में उचित कार्रवाई करें और निर्वाचन आयोग के आदेशों का पालन सुनिश्चित करें। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
निर्वाचन आयोग ने शासकीय कर्मचारियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं, जिसमें कहा गया है कि यदि कोई शिक्षक, प्राध्यापक या सरकारी कर्मचारी चुनाव प्रचार में प्रत्यक्ष रूप से भाग लेता है तो उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जाएगा। लेकिन धुले में इसका उल्लंघन होते दिख रहा है। यहां सागर आघाव से हुई मारपीट के मामले में 24 घंटे बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस संबंध में भी अनिल गोटे ने पत्र में चिंता व्यक्त की और अधिकारियों से आग्रह किया है कि वे निष्पक्षता से अपना कर्तव्य निभाएं और तड़ीपार गुंडों के खिलाफ कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि ये गुंडे गरीब मतदाताओं को धमकी दे रहे हैं। पत्र में गोटे ने यह भी कहा कि उन्होंने पहले ही कुछ तड़ीपार गुंडों की सूची अधिकारियों को सौंपी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।