

स्टारलिंक की भारत में एंट्री को लेकर एलन मस्क और अंबानी विवाद।
मस्क ने शिवसेना को 25 करोड़ रुपये का चंदा मिलने का दावा किया।
मस्क-अंबानी विवाद में महाराष्ट्र में विपक्ष को मिला बड़ा मुद्दा।
Elon Musk Ambani Controversy: सैटेलाइट इंटरनेट सेवा 'स्टारलिंक' (Starlink) को भारत में कमर्शियल लाइसेंस मिलने में हो रही देरी को लेकर स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क ने भारत के प्रमुख उद्योगपति मुकेश अंबानी और मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट शेयर करते हुए मस्क ने रिलायंस चेयरमैन मुकेश अंबानी को सीधे निशाने पर लिया। एलन मस्क ने भारत में रिलायंस के प्रभाव और स्टारलिंक की एंट्री में आ रही अड़चनों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। इस विवाद में अब मस्क ने भाजपा और शिवसेना को भी घसीट लिया है।
टेस्ला और स्पेस-X के CEO एलन मस्क ने एक्स पर अल जजीरा और द इंडियन एक्सप्रेस की न्यूज रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट में शेयर किया। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में दावा किया है कि रिलायंस से जुड़ी कंपनी 'क्विक सप्लाई' ने BJP को 385 करोड़ रुपये और शिवसेना को 25 करोड़ रुपये दिए।
दावा किया गया कि इलेक्टोरल बॉन्ड के जरिए राजनीतिक पार्टियों को चंदा देने वाली तीसरी सबसे बड़ी कंपनी 'क्विक सप्लाई' ने 2021-22 से 2023-24 के बीच 410 करोड़ रुपये के बॉन्ड खरीदे और 25 करोड़ रुपये को छोड़कर बाकी सारा चंदा BJP को दे दिया।
वहीं अल जजीरा की रिपोर्ट में लिखा है कि रिलायंस से फंड पाने वाली एक कंपनी कैसे Facebook पर BJP के कैंपेन को बढ़ावा देती है। कानूनी कमियों और नियमों के चुनिंदा इस्तेमाल की वजह से रिलायंस की एक कंपनी चुनावों में BJP के प्रचार के लिए भारी रकम खर्च कर पाई।
एलन मस्क द्वारा महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 25 करोड़ रुपए चंदा देने के आरोपों के बाद राज्य में सियासत गर्मा सकती है। उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) और अन्य विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर शिंदे व महायुति सरकार पर हमलावर हो सकते हैं।
दरअसल टेस्ला और स्पेस-X के CEO एलन मस्क ने अपनी पोस्ट में लिखा कि स्टारलिंक को दुनिया के 165 से अधिक देशों में काम करने की अनुमति मिल चुकी है। कंपनी ने पिछले पांच सालों से भारत सरकार के हर एक नियम और कानून का पूरी तरह पालन किया है। इसके बावजूद स्टारलिंक को अब तक लाइसेंस क्यों नहीं दिया गया? क्या अंबानी ही भारत के असली बॉस हैं?
इस पोस्ट पर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रतिक्रिया देते हुए लिखा 'एलन, भारत में आपका स्वागत है। उस दूसरे व्यक्ति के बारे में जानने का इंतजार करें।' राहुल गांधी की प्रतिक्रिया को एलन मस्क ने फिर जवाब दिया और उन्हें धन्यवाद दिया और कहा यह वाकई चिंताजनक है। जानकारों का कहना है कि राहुल गांधी का इशारा गौतम अडानी की और था।
एलन मस्क ने मुकेश अंबानी पर तंज कसते हुए लिखा, "आदरणीय प्रधानमंत्री अंबानी, कृपया मेरी विनम्र माफी स्वीकार करें कि मैं यह नहीं समझ पाया कि भारत के असली मालिक आप ही हैं।" मस्क ने आगे लिखा जाहिर है, आप भारत के महान लोगों का एकाधिकारवादी शोषण जारी रखना चाहेंगे, लेकिन क्या आप फिर भी स्टारलिंक को मुकाबला करने की अनुमति देने पर विचार करेंगे?
एलन मस्क ने अपनी पोस्ट में लिखा भारत में कई ऐसे इलाके हैं जैसा कि सभी देशों में होता है, जहां इंटरनेट की सुविधा नहीं है। इससे बच्चों को शिक्षा का मौका नहीं मिल पाता और छोटे व्यवसायों को अपने सामान को ग्लोबल मार्केट में बेचने का अवसर नहीं मिलता। स्टारलिंक उनकी जिंदगी को बेहतर बना सकता है।