धुले में पुलिस का ऑपरेशन ऑलआउट: हाईवे पर बिना लाइट आ रही कार पकड़ी, डकैती की साजिश नाकाम; 3 आरोपी गिरफ्तार

Dhule Crime News: धुले में ऑपरेशन ऑलआउट के दौरान मोहाड़ीनगर पुलिस ने हाईवे पर डकैती की तैयारी कर रहे गिरोह को दबोचा। कार से चॉपर, मिर्च पाउडर समेत घातक हथियार बरामद हुए।
Dhule Police Operation All Out
धुले पुलिस मुख्यालयसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • धुले के रानमला रोड पर बिना लाइट आ रही संदिग्ध कार से पुलिस ने 3 बदमाशों को पकड़ा

  • धारदार चॉपर, मिर्च पाउडर, लोहे की रॉड, बड़े कटर, नायलॉन रस्सी और 8,300 रुपये नकद जब्त

  • धुले जिले में ऑपरेशन ऑलआउट के तहत 47 हिस्ट्रीशीटर और 52 वांछित अपराधियों की जांच

Dhule Police Operation All Out: धुले जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए गए ऑपरेशन ऑलआउट में मोहाड़ीनगर पुलिस ने लूट की तैयारी कर रहे गिरोह का पर्दाफाश किया है। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रात के अंधेरे में बिना लाइट जलाए आ रही संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया तो चालक वाहन छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने घेराबंदी कर कार में सवार तीन लोगों को दबोच लिया। तलाशी में कार से नायलॉन रस्सी, मिर्च पाउडर, लोहे की रॉड, बड़े-छोटे कटर, हथौड़ी, चॉपर समेत वारदात में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों में एक हिस्ट्रीशीटर भी शामिल है।

पुलिस अधीक्षक विशाल आनंद सिंगुरी और अपर पुलिस अधीक्षक अजय देवरे के निर्देश पर 19 नवंबर की रात 11 बजे से 20 नवंबर की सुबह 5 बजे तक जिलेभर में ऑपरेशन ऑलआउट चलाया गया। इसी दौरान मोहाड़ीनगर थाने की प्रभारी निरीक्षक शिल्पा पाटील, उपनिरीक्षक अशोक पायमोडे और पुलिस टीम राष्ट्रीय राजमार्ग पर गश्त कर रही थी।

हाईवे पर बिना हेडलाइट दौड़ रही थी संदिग्ध कार

20 नवंबर की रात करीब 2.45 बजे सुभाषचंद्र पेट्रोल पंप के पास रानमला रोड पर सामने से एक कार बिना लाइट जलाए आती दिखाई दी। पुलिस ने बैटरी की रोशनी से चालक को रुकने का इशारा किया। चालक ने बीच सड़क पर कार रोकी और अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।

संदेह होने पर धुले पुलिस की टीम ने कार की घेराबंदी कर तलाशी ली। इसमें हमीद अब्दुल रशीद अंसारी (33), शकील शेख करीम शेख (45) और समीर शाह जाकीर शाह (20), तीनों निवासी धुले, को हिरासत में लिया गया।

Dhule Police Operation All Out
महाराष्ट्र का सबसे ठंडा शहर बना धुले, पारा लुढ़ककर 6.3°C पर पहुंचा; मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों की संख्या घटी

धुले पुलिस ने कार से जब्त किए हथियान

पूछताछ में आरोपियों ने फरार साथी का नाम गनी (निवासी अंदरवाली मस्जिद के पास, देवपुर) बताया। कार मालिक जुबेर अंसारी (निवासी ताशा गली, गली नंबर 5, धुलिया) का नाम भी सामने आया।

धुले पुलिस ने कार से नायलॉन रस्सी, मिर्च पाउडर, लोहे की रॉड, बड़े लोहे के कटर, छोटा रेडियम कटर, स्क्रूड्राइवर, हथौड़ी, प्लास, फोर-वे स्पैनर, धारदार चॉपर, चार मोबाइल, फास्टैग कार्ड और 8,300 रुपए नकद जब्त किए।

थाना प्रभारी निरीक्षक शिल्पा पाटील के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में हमीद अंसारी हिस्ट्रीशीटर है। तीनों के खिलाफ धुले जिले के विभिन्न पुलिस थानों में छह गंभीर अपराध दर्ज हैं। पांचों आरोपियों के खिलाफ के मोहाड़ीनगर थाने में अपराध क्रमांक 383/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 310(4) के तहत डकैती की तैयारी का मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उपनिरीक्षक शरद बागल और हेड कांस्टेबल संदीप कदम आगे की जांच कर रहे हैं।

Dhule Police Operation All Out
धुले मनपा बैठक में भारी हंगामा: 11 दिन से पानी को तरस रहे लोग, जवाब देने के वक्त अफसर नदारद; धरने की चेतावनी

धुले जिले में ऑपरेशन ऑलआउट के तहत हुई बड़ी कार्रवाई

  • मोटर वाहन अधिनियम के तहत 59 मामले दर्ज, 30,900 रुपए जुर्माना।

  • अवैध शराब के 18 मामलों में 60,640 रुपए की हाथभट्टी शराब, रसायन और सामग्री नष्ट।

  • जुआ अधिनियम के तहत 6 मामले, 7,690 रुपए का माल जब्त।

  • महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 122 के तहत 3 कार्रवाई और धारा 124 के तहत 2 मामले, 2 आरोपी।

  • 47 हिस्ट्रीशीटर व रिकॉर्डधारी अपराधियों की जांच।

  • 52 वांछित व तड़ीपार आरोपियों की जांच।

  • 43 खुले मैदान, 87 बार, ढाबे, होटल, लॉज और गेस्ट हाउस तथा 9 नदी किनारे के स्थानों की जांच।

  • अभियान में 31 पुलिस अधिकारी और 82 कर्मचारी शामिल रहे।

- नवभारत लाइव के लिए धुले से वाहिद काकर की रिपोर्ट