धुले में शरद पवार गुट ने किया अनोखा प्रदर्शन, महायुति सरकार के विरोध में ऐसे मनाई दही हांडी

धुले शहर में पुरानी नगरपालिका में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के जिलाध्यक्ष रणजीत राजे भोसले के नेतृत्व में राज्य सरकार के खिलाफ महायुति के काले कारनामों के विषय पर प्रतीकात्मक दही हांडी मनाकर विरोध प्रकट किया गया।
धुले में शरद पवार गुट ने किया अनोखा प्रदर्शन, महायुति सरकार के विरोध में ऐसे मनाई दही हांडी
धुले में महाराष्ट्र सरकार के विरोध में नारे बाजी करते एनसीपी शरद पवार गुट के नेता
Published on
Updated on

धुले: धुले शहर में पुरानी नगरपालिका में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के जिलाध्यक्ष रणजीत राजे भोसले के नेतृत्व में राज्य सरकार के खिलाफ महायुति के काले कारनामों के विषय पर प्रतीकात्मक दही हांडी मनाकर विरोध प्रकट किया गया। राजे ने कहा कि महा विकास आघाडी की सरकार को गिराकर भाजपा ने महाराष्ट्र की राजनीति और सामाजिक क्षेत्र में संयमी मर्यादाओं को तिलांजलि देकर महायुति की घटनाबाह्य सरकार स्थापित की है। यह महायुति की सरकार स्वार्थी और लाचार मानसिकता से महाराष्ट्र की जनता पर थोपी गई है।

जिलाध्यक्ष रणजीत राजे ने कहा कि राज्य के उद्योग-धंधे गुजरात की ओर भाग रहे हैं। महिलाओं और लड़कियों पर लैंगिक अत्याचार हो रहे हैं। राज्य में बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। राज्य भर में दिनोंदिन गोलीबारी, अत्याचार, असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है। सरकार किसानों की अनदेखी कर अपने स्वार्थ में मग्न है। युवाओं के मुद्दों को सरकार अनदेखा कर रही है।

शरद पवार गुट के नेताओं ने कहा कि आरक्षण के नाम पर समाज में विवाद पैदा करने का काम भाजपा और महायुति सरकार कर रही है। धर्म के नाम पर विष फैलाने का काम राज्य सरकार कर रही है। राज्य के कई लंबित मुद्दों के बावजूद महायुति के सांसद, विधायक महाराष्ट्र का स्वाभिमान गिरवी रखने में मशगूल हैं।

काले गुब्बारे लगाकर किया विरोध

राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे व दोनों उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार के काले कारनामे जनता के सामने लाने के लिए सोमवार को अनोखे तरीके से काले गुब्बारे लगाकर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने दहीहंडी कार्यक्रम आयोजित किया। महायुति सरकार के काले कारनामों के विरोध में काले गुब्बारे लगा कर और नारे लगा कर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने काले कारनामों की दहीहंडी फोड़कर सरकार का निषेध व्यक्त किया।

इस मौके पर राकांपा के शहर जिला अध्यक्ष रणजीत राजे भोसले, जोसेफ मलबारी, शशी भदाणे, नंदू यलमामे, राजू डोमाले, यशवंत पाटील, राजेंद्र सोलंकी, किरण बागुल, डी टी पाटिल, विश्वजीत देसले, राजू चौधरी, तरुणा पाटिल, भिका नेरकर, निखिल मोमया, जयश्री घेटे, राजेंद्र चौधरी, मनोहर निकम, प्रशांत बोरसे, डॉमिनिक मलबारी, रामेश्वर साबले, कुणाल वाघ, राजेंद्र सोनवणे, जीवन चव्हाण, युसुफ शेख, सलमान खान, आकाश बैसाणे, उजेर शेख, सोनू घारू, तसवर बेग और अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com