धुले: महिला-बाल कल्याण समिति की पहली बैठक में 2.78 करोड़ के बजट का खाका, 91 लाख के कार्यों का नियोजन

Dhule Women Child Welfare Committee: धुले मनपा महिला-बाल कल्याण समिति की पहली बैठक में 2.78 करोड़ के बजट का खाका पेश हुआ। जिसमें महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और जलसुविधा को प्राथमिकता दी गई।
Dhule Women Child Welfare Committee Budget Plan 2026
महिला-बाल कल्याण समिति की बैठक (सोर्सः नवभारत)
Updated on

Dhule Women Child Welfare Committee Budget Plan: महानगरपालिका की महिला एवं बाल कल्याण समिति की पहली बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष के लिए 2.78 करोड़ रुपए के बजट का नियोजन किया गया। इसमें प्रारंभिक तौर पर 91 लाख रुपए महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और बाल विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए प्रस्तावित किए गए।

बैठक की खास बात यह रही कि विभिन्न प्रभागों की नगरसेविकाओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाते हुए प्रशासन का ध्यान महिलाओं की मूलभूत जरूरतों की ओर आकर्षित किया।

बैठक का क्या था उद्देशय?

समिति सभापति उज्ज्वला ठाकरे की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपसभापति शोभा संजय भील तथा नगर सचिव मनोज वाघ उपस्थित थे। महिला सुरक्षा के मुद्दे पर नगरसेविका वैभवी दुसाने सबसे अधिक मुखर रहीं। उन्होंने कहा कि कॉलेज छात्राओं और महिलाओं को दिया जाने वाला सेल्फ डिफेंस प्रशिक्षण एक-दो सप्ताह तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे वर्षभर चलाया जाए।

उन्होंने प्रशिक्षकों को उचित मानधन देने, साईबाबा नगर के जर्जर महिला शौचालयों की मरम्मत तथा प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग भी रखी।

वहीं नगरसेविका अंसारी आमेरा साऊद ने शिक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दे उठाए। उन्होंने मनपा स्कूल क्रमांक-25 के गरीब विद्यार्थियों को साइकिल उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही प्रभाग-15 में पर्दा प्रथा का पालन करने वाली अल्पसंख्यक महिलाओं के लिए फाइनल प्लॉट-81 की खुली जगह पर स्वतंत्र सभागार निर्माण का प्रस्ताव भी रखा।

नगरसेविकाओं ने अपनी मांगे रखी

प्रभाग-4 की नगरसेविका परवीन बानो रफीक शेख ने लाला सरदार नगर के बावली क्षेत्र में महिलाओं के लिए सभागार (हॉल) निर्माण की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं को सामाजिक और प्रशिक्षण गतिविधियों के लिए समर्पित स्थान उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

इसी तरह वॉर्ड-14 की नगरसेविका हसीना बानो साजिद अली अंसारी ने अपने क्षेत्र में गंभीर जलसंकट का मुद्दा उठाया। उन्होंने आजाद नगर, मुस्लिम नगर, हजार खोली, अविष्कार कॉलोनी, मारुति मंदिर परिसर और राशन दुकान क्रमांक-11 के पास कुल 10 नई कूपनलिकाएं (बोरिंग) स्वीकृत करने का प्रस्ताव रखा।

बैठक में महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े इन प्रस्तावों ने जनप्रतिनिधियों की सक्रियता को रेखांकित किया, वहीं आगामी वर्ष के लिए महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की दिशा भी स्पष्ट कर दी। मंच पर सभापति उज्जवला ठाकरे उपसभापति शोभा संजय भील सहायक आयुक्त डॉ. सोनाली शिंदे उपस्थित रहे।

Navbharat Live
navbharatlive.com