

CM Mohan Yadav On Madhya Pradesh Investment: मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं को देश के प्रमुख उद्योग समूहों तक पहुंचाने और आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे।
गुरुवार को द सेंट रेजिस में आयोजित निवेश संवाद में मुख्यमंत्री मुंबई प्रमुख उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों और औद्योगिक संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।
मुंबई देश के प्रमुख कारोबारी और वित्तीय समूहों का महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में मुख्यमंत्री का उद्योग जगत के साथ सीधा संवाद प्रदेश में निवेश आकर्षित करने की दिशा में सरकार के संपर्क अभियान का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश की औद्योगिक नीति, निवेश प्रोत्साहन व्यवस्था, उपलब्ध अधोसंरचना और विभिन्न क्षेत्रों में विकसित हो रहे औद्योगिक क्लस्टर्स की जानकारी निवेशकों के सामने रखी जाएगी। कार्यक्रम में वन-टू-वन बैठकों के बाद मध्यप्रदेश में निवेश के अवसरों पर केंद्रित प्रस्तुतीकरण होगा।
औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई प्रदेश में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव का संबोधन भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
मध्यप्रदेश सरकार जनवरी 2027 में प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियों के तहत देश और विदेश के प्रमुख उद्योग समूहों से सीधा संपर्क बढ़ा रही है। मुंबई का निवेश संवाद इसी रणनीति का हिस्सा है।
इसका उद्देश्य उद्योग समूहों की आवश्यकताओं, निवेश योजनाओं और उनकी अपेक्षाओं को समझते हुए प्रदेश में उपलब्ध अवसरों से उन्हें जोड़ना है। सरकार की ओर से निवेशकों को प्रदेश की भौगोलिक स्थिति, लॉजिस्टिक्स सुविधाओं, औद्योगिक अधोसंरचना और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं से अवगत कराया जाएगा।
साथ ही उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप इंफ्रास्ट्रक्चर और निवेश सुविधा तंत्र को मजबूत करने के प्रयासों की जानकारी भी साझा की जाएगी।
एमपी सरकार का फोकस ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले संभावित निवेशकों के साथ संपर्क को व्यापक बनाने और प्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं को प्रभावी ढंग से सामने रखने पर है।