सावन में भद्रामारोती-घृष्णेश्वर मंदिर जा रहे हैं? 13 अगस्त से बदलेगा ट्रैफिक रूट, देखें वैकल्पिक रास्ते

Chhatrapati Sambhajinagar Traffic Diversion: सावन मास में भद्रामारोती, घृष्णेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने 13 अगस्त से 18 सितंबर तक रूट डायवर्जन किया है।

Chhatrapati Sambhajinagar Traffic Diversion In sawan
छत्रपति संभाजीनगर में सावन मास के दौरान बदलेंगे ट्रैफिक रूटप्रतीकात्मक तस्वीर, सोर्स: AI
Updated on

Grishneshwar Temple Traffic Update: सावन मास के दौरान छत्रपति संभाजीनगर जिले के खुलताबाद स्थित श्री भद्रामारोती देवस्थान और एलोरा स्थित श्री घृष्णेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए छत्रपति संभाजीनगर जिला ग्रामीण पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 13 अगस्त 2026 को सुबह 8 बजे से 18 सितंबर 2026 को रात 8.50 बजे तक संबंधित मार्गों पर सभी प्रकार के हेवी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात सुचारू बनाए रखने के लिए जड वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से जाने का निर्देश दिया गया है।

हर शनिवार भद्रामारोती, सोमवार को घृष्णेश्वर में भीड़

सावन मास के दौरान प्रत्येक शनिवार को जिले के खुलदाबाद में स्थित श्री भद्रामारोती देवस्थान और प्रत्येक सोमवार को एलोरा में स्थित श्री घृष्णेश्वर मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालुओं के आने के कारण इन दोनों धार्मिक स्थलों के आसपास वाहनों की संख्या में भारी वृद्धि होती है।

दोनों प्रमुख धार्मिक स्थल सोलापुर-धुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 52 के समीप स्थित हैं। इस मार्ग पर सामान्य दिनों में भी जड वाहनों की बड़ी संख्या में आवाजाही होती है। इसके अलावा खुलताबाद से फुलंब्री मार्ग पर भी वाहनों का दबाव रहता है। ऐसे में सावन मास के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ और भारी वाहनों की आवाजाही से यातायात बाधित होने की आशंका जताई गई है।

31 अगस्त को कांवड यात्रियों की विशेष भीड़

सावन मास के तीसरे सोमवार यानी 31 अगस्त 2026 को एलोरा स्थित तीर्थकुंड से श्रद्धालु पानी भरकर कांवड के माध्यम से मराठवाडा के विभिन्न क्षेत्रों में ले जाते हैं। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु समूहों में पैदल सोलापुर-धुलिया राष्ट्रीय राजमार्ग से आवागमन करते हैं।

श्रद्धालुओं के पैदल जत्थों और जड वाहनों की एक ही मार्ग पर आवाजाही से दुर्घटना का खतरा बढ़ने के साथ ही यातायात जाम की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला ग्रामीण पुलिस ने जड वाहनों के लिए मार्ग परिवर्तन का निर्णय लिया है।

13 अगस्त से 18 सितंबर तक लागू रहेगा आदेश

पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव को महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम, 1951 की धारा 33 (1) (ब) के तहत प्राप्त अधिकारों के अनुसार यह यातायात परिवर्तन किया गया है। आदेश के अनुसार 13 अगस्त को सुबह 8 बजे से 18 सितंबर को रात 8.50 बजे तक संबंधित मार्ग पर सभी प्रकार के जड वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

इन मार्गों पर भारी वाहन नहीं जा सकेंगे

  • कन्नड - एलोरा - खुलताबाद - दौलताबाद - छत्रपति संभाजीनगर।

  • फुलंब्री - खुलताबाद - एलोरा - कन्नड।

  • वैजापुर - शिवूर - पाचपिरवाडी - एलोरा - खुलताबाद - फुलंब्री।

भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय

छत्रपति संभाजीनगर प्रशासन ने यातायात सुचारू रखने के लिए जड वाहन चालकों को निम्न वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने को कहा है।

  • छत्रपति संभाजीनगर से कन्नड जाने वाले वाहन : छत्रपति संभाजीनगर - शरणापुर फाटा - मालीवाडा - कसाबखेडा फाटा होकर कन्नड की ओर जाएंगे।

  • फुलंब्री से कन्नड जाने वाले वाहन : फुलंब्री - छत्रपति संभाजीनगर - शरणापुर फाटा - मालीवाडा - कसाबखेडा फाटा होकर कन्नड की ओर जाएंगे।

  • वैजापुर से फुलंब्री जाने वाले वाहन : वैजापुर - शिवूर - पाचपिरवाडी - शरणापुर - छत्रपति संभाजीनगर होकर फुलंब्री की ओर जाएंगे।


Chhatrapati Sambhajinagar Traffic Diversion In sawan
जरा याद करो कुर्बानी: नंदुरबार के 16 साल के शेर का जिगरा देख कांप उठे थे अंग्रेज, सीने पर खाईं थी 4 गोलियां

श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

छत्रपति संभाजीनगर ग्रामीण पुलिस के अनुसार सावन मास के दौरान धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होती है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल यात्रा करते हैं। ऐसे में जड वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करना आवश्यक है। यातायात परिवर्तन का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और जाम की स्थिति से बचना है।

ग्रामीण पुलिस ने जड वाहन मालिकों और चालकों से निर्धारित अवधि के दौरान प्रतिबंधित मार्गों का उपयोग नहीं करने तथा प्रशासन द्वारा तय किए गए वैकल्पिक मार्गों से ही आवागमन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यातायात व्यवस्था बनाए रखने में वाहन चालक और नागरिक सहयोग करें, ताकि सावन मास के दौरान धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट

Navbharat Live
navbharatlive.com