

पीएम स्वनिधि योजना के क्रियान्वयन के लिए छत्रपति संभाजीनगर मनपा सम्मानित
छत्रपति संभाजीनगर को देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने मनपा आयुक्त अमोल येडगे का पुरस्कार प्रदान किया
Chhatrapati Sambhajinagar PM SVANidhi Yojana Award: पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिला है। प्रधानमंत्री पथ विक्रेता आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में देशभर में तीसरा स्थान हासिल करने पर शुक्रवार को दिल्ली में आयोजित समारोह में मनपा को पुरस्कृत किया गया।
दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने छत्रपति संभाजीनगर मनपा आयुक्त अमोल येडगे और उपायुक्त अपर्णा थेटे को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
कोरोना महामारी के दौरान आर्थिक संकट से जूझ रहे पथ विक्रेताओं को दोबारा कारोबार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना पीएम स्वनिधि योजना का प्रमुख उद्देश्य है। केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से संचालित इस योजना के तहत छत्रपति संभाजीनगर मनपा ने मार्च 2026 तक 32,582 पथ विक्रेताओं को प्रथम ऋण का लाभ दिलाया है।
विशेष बात यह है कि छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका ने प्रथम ऋण वितरण के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया है। इसी प्रदर्शन के आधार पर मनपा को राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त हुआ।
इस उपलब्धि के पीछे छत्रपति संभाजीनगर मनपा प्रशासन और राष्ट्रीय शहरी आजीविका अभियान (एनयूएलएम) की टीम के समन्वित प्रयास रहे। मनपा आयुक्त अमोल येडगे के मार्गदर्शन में अतिरिक्त आयुक्त कल्पिता पिंपले, उपायुक्त अपर्णा थेटे तथा एनयूएलएम विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने योजना को प्रभावी ढंग से लागू करने में योगदान दिया।
दिल्ली में हुए पुरस्कार समारोह में एनयूएलएम विभाग के भारत मोरे और सुरेंद्र पाटील भी उपस्थित थे। मनपा प्रशासन ने भविष्य में भी पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने, उनके व्यवसाय को बढ़ावा देने और उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने का संकल्प दोहराया है।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना ने देश के करोड़ों रेहड़ी-पटरी भाई-बहनों को केवल आर्थिक संबल ही नहीं दिया, बल्कि उन्हें सम्मान, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता के साथ आगे बढ़ने का अवसर भी प्रदान किया है। बिना गारंटी ऋण, वित्तीय समावेशन और डिजिटल सेवाओं से जुड़ाव के माध्यम से यह योजना उन्हें सशक्त बनाते हुए उनकी आजीविका को नई दिशा दे रही है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि स्वनिधि सम्मान पुरस्कार इस परिवर्तनकारी यात्रा में राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों, शहरी स्थानीय निकायों, ऋणदाता संस्थाओं और सहयोगी संगठनों के उत्कृष्ट योगदान एवं उपलब्धियों को सम्मानित करने की एक अभिनव पहल बनकर उभरी है।
उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को अपनी मेहनत और उद्यमशीलता से मजबूती देने वाले हमारे रेहड़ी-पटरी भाई-बहन सम्मान और सशक्तिकरण के सच्चे हकदार हैं।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के के नेतृत्व में हम सब मिलकर रेहड़ी-पटरी वाले भाई-बहनों आर्थिक सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक आजीविका के संकल्प को और मजबूत करें, जिससे वह आत्मसम्मान के साथ आत्मनिर्भर भारत की विकास यात्रा में सहभागी बन सके।