

Mayor Sameer Rajurkar Inaugurated Podcast Studio: देवगिरी महाविद्यालय ने मेरे व्यक्तित्व की नींव रखने के साथ ही सामाजिक और राजनीतिक जीवन को दिशा देने का काम किया है। महाविद्यालय ने विद्यार्थियों में सामाजिक और राजनीतिक जागरूकता विकसित करने के साथ अन्याय के विरुद्ध संघर्ष करने का साहस भी दिया। यह विचार छत्रपति संभाजीनगर के महापौर समीर राजूरकर ने बुधवार को व्यक्त किए।
मराठवाड़ा शिक्षण प्रसारक मंडल द्वारा संचालित देवगिरी महाविद्यालय में महापौर समीर राजूरकर के हाथों पॉडकास्ट स्टूडियो का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर महापौर का महाविद्यालय की ओर से सम्मान भी किया गया। मंडल के कोषाध्यक्ष किरण आवरगांवकर ने उनका सम्मान किया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष चैतन्य बापू देशमुख, प्राचार्य डॉ. रवि पाटील, उपप्राचार्य डॉ. अपर्णा तावरे, डॉ. गणेश मोहिते, कनिष्ठ महाविद्यालय के उपप्राचार्य प्रा. अरुण काटे, प्रा. ज्ञानेश्वर हिवरे और प्रा. विजय नलावडे उपस्थित थे।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा के महापौर समीर राजूरकर ने कहा कि देवगिरी महाविद्यालय का योगदान केवल शिक्षा तक सीमित नहीं है। मराठवाड़ा विकास आंदोलन में भी महाविद्यालय ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों को विभिन्न विचारधाराओं का सम्मान करना और अन्याय के खिलाफ आवाज उठाना इसी संस्थान ने सिखाया। सामान्य किसान और मेहनतकश परिवारों से आने वाले विद्यार्थियों को महाविद्यालय ने आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दिया।
मेयर समीर राजूरकर ने कहा कि कहा कि विद्यार्थी जीवन में ही उनके राजनीतिक जीवन को दिशा देने का कार्य देवगिरी महाविद्यालय में हुआ। अपने ही महाविद्यालय में सम्मानित होना उनके लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।
देवगिरी महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रवि पाटील ने कहा कि देवगिरी के पूर्व विद्यार्थी शिक्षा, समाज, उद्योग, अर्थव्यवस्था, प्रशासन और राजनीति सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। महाविद्यालय का प्रयास है कि पूर्व विद्यार्थी निरंतर संस्थान से जुड़े रहें।
महापौर समीर राजूरकर ने विद्यार्थियों से स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को महात्मा ज्योतिराव फुले की प्रतिमा से निकलने वाली गैरराजनीतिक तिरंगा रैली में सहभागी होने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन आरजे अभय ने किया। आभार प्रा. अरुण काटे ने माना।