छत्रपति संभाजीनगर में 17 लाख की साइबर ठगी, निर्मला सीतारमण के कथित वीडियो से दिया मुनाफे का झांसा

Chhatrapati Sambhajinagar Cyber Fraud: संभाजीनगर में साइबर ठगों ने केंद्रीय वित्त मंत्री के फर्जी वीडियो का सहारा लेकर फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर एक उत्पादन अधिकारी से 17.34 लाख ठग लिए।
Forex Trading Scam Savexa
साइबर ठगी की प्रतीकात्मक तस्वीरसोर्स- AI
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • छत्रपति संभाजीनगर में उत्पादन अधिकारी से 17,34,716 की कथित साइबर ठगी।

  • फेसबुक विज्ञापन के जरिए विदेशी मुद्रा कारोबार में निवेश का लालच दिया गया।

  • ऑनलाइन पोर्टफोलियो में 32 हजार डॉलर का मुनाफा दिखाने का आरोप।

  • पीड़ित ने बैंक खातों में रकम भेजी और गहने बेचकर भी निवेश किया।

Forex Trading Scam Savexa: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के कथित वीडियो के सहारे विदेशी मुद्रा कारोबार में भारी मुनाफे का लालच देकर साइबर ठगों ने एक उत्पादन अधिकारी से 17 लाख 34 हजार 716 रुपये ठग लिए।

ठगों ने ऑनलाइन पोर्टफोलियो में 32 हजार डॉलर का मुनाफा दिखाकर पीड़ित को बार-बार निवेश के लिए उकसाया। अधिक रकम जुटाने के लिए उन्होंने घर के गहने तक बेच दिए, लेकिन आखिरकार पोर्टफोलियो से पूरी जानकारी गायब हो गई।

पुलिस के अनुसार,    हर्सूल  क्षेत्र के मलिक अंबर कॉलोनी निवासी मोहम्मद रिजवान मोहम्मद हारुण शेख (40) शेंद्रा स्थित हरमन कंपनी में उत्पादन अधिकारी हैं। 28 जून को फेसबुक देखते समय उन्हें विदेशी मुद्रा कारोबार में निवेश का विज्ञापन दिखाई दिया।

लिंक के जरिए उन्होंने 'सेवेक्षा' (Savexa) की वेबसाइट पर पंजीकरण किया। तीन जुलाई को किनजा सय्यद नामक महिला ने फोन कर 200 डॉलर निवेश करने को कहा। शेख ने क्रेडिट कार्ड से 22,488 रुपये जमा किए।

मुनाफे का झांसा, गहने भी बिके

इसके बाद मोहम्मद यासीन वोहरा ने खाता प्रबंधक बनकर संपर्क किया और अधिक निवेश के लिए दबाव बनाया। पोर्टफोलियो में बढ़ती रकम देखकर शेख को भरोसा हो गया।

उन्होंने अलग-अलग बैंक खातों में पैसे भेजे। 14 जुलाई को सात लाख रुपये, 22 अगस्त को गहने बेचकर 2.55 लाख रुपये, एक सितंबर को 3.71 लाख रुपये और नौ सितंबर को तीन लाख रुपये जमा किए।

लिंक खुला तो उड़ गए होश

आरोपियों ने 32 हजार डॉलर के मुनाफे का लालच देकर और रकम मांगी। 17 सितंबर को बैंक बंद होने के कारण शेख लेन-देन नहीं कर सके।

22 सितंबर को पोर्टफोलियो खोलने पर कोई जानकारी नहीं मिली। ठगी का एहसास होने पर उन्होंने हर्सूल  थाने में शिकायत दर्ज कराई। छत्रपति संभाजीनगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस निरीक्षक स्वाति केदार मामले की जांच कर रही हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com