

Birth Death Certificate Online Process: जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए महानगरपालिका कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने वाले नागरिकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है।
जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के महीनों से लंबित आवेदनों का तत्काल निपटारा किया जाएगा और प्रमाणपत्र जारी करने में आ रही तकनीकी अड़चनों को दूर किया जाएगा।
इसके साथ ही नागरिकों को घर बैठे जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया को अधिक सरल बनाने की तैयारी की जा रही है। मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने गुरुवार को यह जानकारी दी।
जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने में हो रही देरी को लेकर महानगरपालिका प्रशासन को लगातार नागरिकों की शिकायतें मिल रही थीं। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर जन्म प्रमाणपत्र के आवेदन महीनों से लंबित पाए गए। नागरिकों ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और आवश्यक दस्तावेज जमा करने के बावजूद उन्हें समय पर प्रमाणपत्र नहीं मिल पा रहा है।
इसके चलते उन्हें प्रमाणपत्र की स्थिति जानने और उसे प्राप्त करने के लिए बार-बार महानगरपालिका कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए आयुक्त ने लंबित आवेदनों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने आयुक्त अमोल येडगे से मुलाकात कर जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र प्राप्त करने में आ रही परेशानियों की जानकारी दी। इसके बाद लंबित आवेदनों और प्रमाणपत्र वितरण की प्रक्रिया में आ रही तकनीकी समस्याओं की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को लंबित आवेदनों का तत्काल निपटारा करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन अब यह पता लगाएगा कि जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के आवेदन लंबित रहने के पीछे कौन-सी तकनीकी समस्याएं हैं। इन खामियों को दूर कर प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया को तेज किया जाएगा। अधिकारियों को अनावश्यक रूप से आवेदन लंबित नहीं रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा का जोर केवल लंबित आवेदनों के निपटारे तक सीमित नहीं है। भविष्य में नागरिकों को जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के लिए कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़े, इसके लिए ऑनलाइन व्यवस्था को सरल बनाया जाएगा। इससे नागरिकों का समय और श्रम बचेगा।