आयशा खान ने फर्जी प्रोफाइल का किया पर्दाफाश, फैंस से की सतर्क रहने की अपील, बोलीं- ये मैं नहीं हूं

Ayesha Khan Fake Profile: आयशा खान के नाम से व्हाट्सएप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को मैसेज किए जा रहे हैं। एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम स्टोरी साझा कर साफ किया कि वह अकाउंट उनका नहीं है।
ayesha khan whatsapp fraud fake profile instagram warning
आयशा खान (Image- Social Media)
Published on: 
Updated on: 

Ayesha Khan WhatsApp Fraud: ‘धुरंधर’ के गाने ‘शरारत’ से चर्चा में आईं अभिनेत्री आयशा खान इन दिनों एक अलग वजह से सुर्खियों में हैं। सोशल मीडिया पर सक्रिय रहने वाली आयशा को इस बार अपने नाम पर चल रहे एक ऑनलाइन फ्रॉड को लेकर सामने आना पड़ा है। व्हाट्सएप पर उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर एक फर्जी प्रोफाइल बनाई गई है, जिसके जरिए लोगों को मैसेज भेजे जा रहे हैं। मामला बढ़ता देख अभिनेत्री ने खुद इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए सच्चाई बताई।

आयशा खान ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर व्हाट्सएप चैट का स्क्रीनशॉट और संबंधित नंबर साझा किया। इसके साथ उन्होंने साफ शब्दों में लिखा कि यह मैं नहीं हूं। कृपया उनसे संपर्क न करें। एक्ट्रेस ने अपने फैंस और इंडस्ट्री के लोगों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध नंबर से आए मैसेज पर भरोसा न करें। यह पहली बार नहीं है जब किसी सेलिब्रिटी के नाम पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को ठगा जा रहा हो।

श्रिया सरन भी हो चुकी हैं फ्रॉड का शिकार

आयशा खान से पहले ‘दृश्यम’ फेम अभिनेत्री श्रिया सरन भी ऐसे ही एक फ्रॉड का शिकार हो चुकी हैं। उस समय भी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका नाम और नंबर बताकर लोगों से संपर्क करना शुरू कर दिया था। श्रिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कड़ी नाराजगी जताई थी और लोगों को सचेत किया था कि वह नंबर उनका नहीं है। ऑनलाइन फ्रॉड के बढ़ते मामलों के बीच आयशा का यह कदम सराहनीय माना जा रहा है। फैंस भी उनके समर्थन में सामने आए हैं और साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं।

आयशा खान का वर्कफ्रंट

वर्कफ्रंट की बात करें तो आयशा खान आखिरी बार फिल्म किस किसको प्यार करू 2 में नजर आई थीं, जिसमें कपिल शर्मा मुख्य भूमिका में थे। इससे पहले उन्होंने फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘शरारत’ में अपने डांस मूव्स से दर्शकों का ध्यान खींचा था। अब चर्चा है कि वह जल्द ही ‘भागम भाग 2’ में दिखाई दे सकती हैं, हालांकि इस पर अभी आधिकारिक मुहर नहीं लगी है। फिलहाल आयशा खान ने साफ कर दिया है कि उनके नाम से चल रहा व्हाट्सएप अकाउंट फर्जी है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Navbharat Live
navbharatlive.com