जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को बल्लारशाह तक बढ़ाने की मांग, यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से की मांग

Jabalpur Intercity Express: जबलपुर से चांदाफोर्ट तक चलने वाली जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का विस्तार बल्लारशाह रेलवे स्टेशन तक करने की मांग उत्तर भारतीय यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से की है।
jabalpur intercity express extension ballarshah demand passengers
Train Extension Demand (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ballarshah Railway Station: जबलपुर रेलवे स्टेशन से चांदाफोर्ट रेलवे स्टेशन तक संचालित होने वाली जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का विस्तार बल्लारशाह रेलवे स्टेशन तक किए जाने की मांग उत्तर भारतीय यात्रियों ने रेलवे अधिकारियों से की है। यात्रियों के अनुसार, यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन - मंगलवार, गुरुवार और शुक्रवार को सुबह 5:15 बजे जबलपुर से रवाना होती है। यह ट्रेन मदन महल, नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया और नागभीड़ स्टेशनों से होकर दोपहर 1:40 बजे चांदाफोर्ट रेलवे स्टेशन पहुंचती है।

यहां लगभग 90 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन पुनः जबलपुर के लिए रवाना होती है। यात्रियों का कहना है कि चांदाफोर्ट और बल्लारशाह रेलवे स्टेशन के बीच की दूरी मात्र 10 किलोमीटर है। ऐसे में ट्रेन को चांदाफोर्ट से बल्लारशाह तक बढ़ाकर पुनः लौटाने की प्रक्रिया 90 मिनट से भी कम समय में पूरी की जा सकती है।

धार्मिक और पर्यटन यात्राओं को मिलेगी सुविधा

यात्रियों ने बताया कि यदि इस ट्रेन का विस्तार बल्लारशाह तक किया जाता है तो बल्लारपुर, राजुरा, कोरपना, जीवती और गोंडपिपरी तहसील के हजारों उत्तर भारतीय यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। इसके माध्यम से यात्रियों के लिए बालाघाट, जबलपुर, कटनी, सतना, मैहर, चित्रकूट कार्बी धाम, प्रयागराज और वाराणसी जैसे प्रमुख शहरों एवं धार्मिक स्थलों तक पहुंचना अधिक आसान हो जाएगा।

जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस को बल्लारशाह तक किया जाए विस्तारित

विशेष रूप से मैहर माता मंदिर तथा वाराणसी स्थित विश्वप्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन करना सुविधाजनक होगा। साथ ही जबलपुर के भेड़ाघाट धुआंधार जलप्रपात और संगमरमर हिल्स जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी सरल हो सकेगी। उत्तर भारतीय यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का विस्तार जल्द से जल्द बल्लारशाह रेलवे स्टेशन तक किया जाए।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com