दोस्त की मदद करने के चक्कर में गंवाई जान, विठ्ठलवाडा की हदयविदारक घटना

Heart-wrenching incident of Vitthalwada, lost life while trying to help a friend
Published on: 
Updated on: 

गोंडपिपरी: गोंडपिपरी तहसील के विठ्ठलवाडा के दादू उर्फ मंगेश नंदकिशोर पिंपलकर 27 की अपने दोस्त की मदद करने के चक्कर में हादसे में दर्दनाक मौत हो गई. यह घटना शनिवार 4 मार्च की रात 10 बजे हुई. दादू उर्फ मंगेश पिंपलकर एवं तहसील के भंगाराम तलोधी का बजरंगी लाल गजानन पेदिलवार 24 दोनों गहरे मित्र है. दोनों का ट्रान्सपोर्ट का व्यवसाय है.

बजरंगीलाल पेदिलवार अपनी कार एमएच 34 बी वी 8055 से गोंडपिपरी से गांव की ओर जा रहा था. इस बीच भंगाराम तलोधी फाटे पर उसके कार के चपेट में एक दुपहिया सवार आते आते बचा. दुपहिया सवार ने पेदिलवार को जान से मारने की धमकी देकर गालीगल्लौच की ओर अपना वाहन लेकर सरपट भाग निकला. उसे आगे रोकने के लिए बजरंगीलाल ने तुरंत अपने दोस्त दादू को फोन लगाकर जारी जानकारी देते हुए दुपहिया सवार को रोकने को कहा.

दादू उर्फ मंगेश ने तुरंत विठ्ठलवाडा के शिवाजी हाईस्कूल के पास दुपहिया सवार को रोक रखा था. पीछे से तेज रफ्तार से आ रहे बजरंगीलाल पेदिलवार को देख दुपहिया चालक पीटे जाने के डर से यू टर्न लेकर आष्टी मार्ग से भागने लगा. बजरंगी ने भी कार को यू टर्न लेकर उसका पीछा करने का प्रयास किया और इस प्रयास में उसने अपने ही दोस्त मंगेश उर्फ दादू को अपनी कार से जोरदार टक्कर मार दी. मंगेश की मौके पर ही मौत हो गई. मंगेश जिसकी मदद के लिए आया था उसने उसकी जान ले ली.

थानेदार जीवन राजगुरू, पीएसआई मोगरे, पुलिस कर्मी अनिल चव्हाण, शंकर मने, उईके ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए रवाना किया. मृतक दादू हमेशा लोगों की मदद के लिए आगे आता था. नियति ऐसी रही कि मदद के चक्कर में उसे अपनी जान गंवानी पडी.