Chandrapur News: सिर पर भारी वस्तु से वार कर युवती की हत्या, प्रेम प्रकरण से वारदात को दिया अंजाम

Murder
प्रतीकात्मक फोटो
Published on: 
Updated on: 

बल्लारपुर (सं.). पिछले कई महीनों से चल रहे प्रेम प्रकरण के मामले में किसी मामूली विवाद के चलते करीब 25 वर्षीय प्रेमी युवक ने अपने ही प्रेमिका के सिर पर भारी वस्तु से वार किया. जिसमें युवती की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मृतक युवती का नाम रक्षा कुमरे (20) है. वह बल्लारपुर के जाकिर हुसैन वार्ड की निवासी है.

जानकारी के मुताबिक, बल्लारपुर के जाकिर हुसैन वार्ड की निवासी रक्षा कुमरे (20) व शरण बुध्द विहार समीपस्थ, महाराणा प्रताप वार्ड के निवासी सीनू दहांगावकर (25) में पिछले कुछ महीनों से प्रेम प्रकरण चल रहा था. सीनू यहां अपने माता व भाई के साथ रहता था. मृतक लड़की का आरोपी के घर आना-जाना लगा रहता था. परिसर के नागरिकों के मुताबिक मृतक लड़की व आरोपी में किसी बात को लेकर विवाद होते रहते थे. शुक्रवार की सुबह आरोपी सीनू की मां व भाई काम से बाहर गए थे. सुबह 10 बजे सीनू ने रक्षा को घर बुलाया था.

इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ व सीनू ने रक्षा के सिर पर भारी वस्तु से प्रहार किया. जिससे रक्षा की मौत हो गई. शाम 4 बजे सीनू की मां घर आने पर खटिया पर खून से लथपथ रक्षा की लाश को देखा. घर में सीनू मौजूद नहीं था. यह घटना मां ने आसपास के लोगों को बतायी. इसकी सूचना बल्लारपुर पुलिस में करने पर पुलिस ने घटनास्थल पहुचकर पंचनामा किया व शव का बल्लारपुर उपजिला अस्पताल भेजा. फिलहाल आरोपी सीनू दहागांवकर फरार है. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com