नीट धांधली के बीच चंद्रपुर में फूटे पटाखे: शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर छात्रों व नागरिकों ने मनाया जश्न!

Chandrapur Dharmendra Pradhan Resignation: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की खबर के बाद चंद्रपुर में छात्रों और नागरिकों ने पटाखे फोड़कर व ढोल-ताशों के साथ खुशी मनाई।
Firecrackers burst in Chandrapur amidst the NEET irregularities row: Students and citizens celebrated the Education Minister's resignation!
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे पर छात्रों ने मनाया जश्न (सोर्सः नवभारत फाइल फोटो)
Updated on

Dharmendra Pradhan Resignation Student Celebration: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने पद का इस्तीफा दे दिया। इस घटना का असर चंद्रपुर में भी शनिवार को देखने मिला। प्रधान के इस्तीफे की खबर मिलते ही चंद्रपुर शहर में छात्र व नागरिकों द्वारा भारी हर्षोल्लास व्यक्त किया गया। पटाखे फोड़ व ढोल ताशा के साथ झूम कर लोगों ने इसकी खुशियां मनाई। बीते कुछ दिनों से नीट समेत देश की विविध उच्च्च परीक्षाओं में हुई धांधली व गोरखधंधे पर रोष जताया जा रहा था।

चंद्रपुर समेत देश व दुनिया के युवा व छात्रों ने इसके लिए आंदोलन करते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग उठाई थी। दिल्ली में चले आंदोलन का समर्थन करने के साथ ही चंद्रपुर में विविध सामाजिक, शैक्षणिक व राजनीतिक दलों ने अपने-अपने स्तर पर केंद्र सरकार की शिक्षा नीति की जमकर आलोचना की और शिक्षा व्यवस्था में आमूलचूल बदलाव की मांग रखी थी।

इस्तीफे के बाद छात्रों ने मनाया जश्न

समय के साथ पूरे देश में यह आंदोलन उग्र हो गया। इसके साथ ही शिक्षा मंत्री प्रधान को फौरी तौर पर हटाने की मांग भी तेज हुई थी। इस बीच शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की खबर आयी। वैसे ही चंद्रपुर शहर के विविध इलाकों में छात्रों के साथ ही लोगों ने खुशियां मनाई। पटाखे फोड़ने के साथ ही ढोल ताशा के ताल पर झूमते हुए विद्यार्थियों ने अपने आंदोलन की जीत का जश्न मनाया।

चंद्रपुर शहर के मुख्य मार्ग स्थित डॉ. बाबासाहब आंबेडकर की पूर्णाकृति प्रतिमा परिसर में छात्र व लोगों ने बड़ी संख्या में इक‌ट्ठा होते हुए बैंड बाजे के साथ पटाखों की आतिशबाजी की। यह जीत केवल किसी राजनीतिक पार्टी या संगठन की नहीं बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र व देश के तमाम छात्र शक्ति की जीत होने का दावा इस समय किया गया। छात्रों के भविष्य से खेलने वालों को लोकतंत्र के सामने झुकना पड़ता है, यह फिर एक बार साबित हुआ है, इस तरह की भावनाएं छात्रों ने व्यक्त की।

छात्र आंदोलन के समर्थन में चंद्रपुर में कैंडल मार्च

चंद्रपुर जिले के विभिन्न तहसीलों से आए हजारों युवाओं ने जिला कलेक्टर कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया। दिल्ली में आंदोलन के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में चंद्रपुर में कैंडल मार्च भी निकाला गया।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने भविष्य में भी छात्रों पर होने वाले अन्याय, शिक्षा क्षेत्र में अनियमितताओं तथा संवैधानिक मूल्यों पर होने वाले हमलों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प लिया था।

जश्न दौरान प्रवीण खोब्रागड़े, पप्पू देशमुख, सचिन राजूरकर, अशोक टेंभरे, जयदीप रोडे, प्रतीक डोरलीकर, किशोर तेलतुंडे सहित अनेक सत्ता विरोधी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, विविध सामाजिक व शैक्षणिक संस्था एवं संगठनों के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद थे।

युवाओं की ताकत के सामने झुक गई सरकार

ब्रम्हपुरी के कांग्रेस विधायक विजय वडेट्टीवार ने कहा कि इस आंदोलन की तपिश हर राज्य तक पहुंच गई। पहली बार प्रधानमंत्री को वीडियो जारी करने की नौबत आई। युवा सरकार के खिलाफ खड़ा हुआ, जिससे सरकार को युवाओं की ताकत के सामने झुकना पड़ा, पुलिस पर कार्रवाई होनी चाहिए। आंदोलन के दौरान सादे कपड़ों में शामिल किए गए जिन लोगों ने मारपीट की, उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

युवा छात्रों के संघर्ष की बड़ी जीत

कांग्रेस सांसद प्रतिभा धानोरकर ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा कि यह इस्तीफा केवल प्रशासकीय कार्रवाई नहीं बल्कि देश के तमाम युवाओं व्दारा अपने हक व न्याय के लिए किये कड़े संघर्ष की बड़ी जीत है। पर्चा लीक, पर्चा बिक्री, पदभर्ती के घोटाले व शैक्षणिक अन्याय से जिन मासूम छात्रों ने मायूस होकर खुदकुशी की उन सभी छात्रों को यह सच्ची श्रद्धांजलि है।

Navbharat Live
navbharatlive.com