मौत का जाल बना महामार्ग, कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, सड़क के गड्ढों में 'स्वीमिंग' कर चेताया

Chandrapur Latest News: चंद्रपुर जिले में कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन कर प्रशासन को चेतावनी दी है। कांग्रेस नेताओं ने सड़कों के गड्ढों पर खुद स्वीमिंग की और कहा कि नागरिकों की जान से खिलवाड़ बंद करो।
Chandrapur Latest News: चंद्रपुर जिले में कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन कर प्रशासन को चेतावनी दी है। कांग्रेस नेताओं ने सड़कों के गड्ढों पर खुद स्वीमिंग की और कहा कि नागरिकों की जान से खिलवाड़ बंद करो।
कांग्रेस नेताओं का प्रदर्शन (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Chandrapur News: चंद्रपुर जिले के घुग्घुस संभाग में सड़कों पर बने जानलेवा गड्ढों के खिलाफ अपना रोष प्रकट करते हुए कांग्रेस नेताओं ने मंगलवार की दोपहर घुग्घूस शहर के राजीव रतन चौक पर एक अभिनव विरोध प्रदर्शन किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष राजुरेड्डी और प्रमुख मजदूर नेता सैय्यद अनवर के नेतृत्व में, पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सड़क के बीचों-बीच बारिश के पानी से भरे एक विशाल गड्ढे में तैरकर प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।

दोपहर करीब 12 बजे हुई इस अनूठी घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक प्रकाश राऊत अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से चर्चा की और सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरने का निर्देश दिया। प्रशासन की ओर से ठोस और विश्वसनीय आश्वासन मिलने के बाद ही कांग्रेस पदाधिकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त किया।

मौत का जाल बना महामार्ग

चंद्रपुर को पुणे से जोड़ने वाले महत्वपूर्ण राज्य महामार्ग MSH-7 पर घुग्घूस शहर में एक रेलवे पुल का निर्माण कार्य चल रहा है। इस निर्माण कार्य के चलते सड़कों की हालत बेहद दयनीय हो गई है। राजीव रतन चौक क्षेत्र सहित पूरे महामार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिनमें बारिश का पानी भर जाने से वे तालाब का रूप ले चुके हैं।

सार्वजनिक निर्माण विभाग पर कांग्रेस का आक्रोश

कांग्रेस पार्टी ने इस बात पर गहरा रोष व्यक्त किया कि नागरिकों से रोड टैक्स वसूलने के बावजूद सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD), महारेल के अधिकारी और निर्माण कंपनी आर। के। मदानी एक चलने लायक सड़क भी मुहैया नहीं करा पा रहे हैं।

बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी रहे उपस्थित

इस अनोखे विरोध प्रदर्शन में वरिष्ठ नेता शामराव बोबडे, अलीम शेख, रोशन दंतलवार, अजय उपाध्ये,पदमा त्रिवेणी, दुर्गा पाटिल, दिप्ती सोनटक्के, संध्या मंडल, जोया शेख, रोहित डाकूर, सुनील पाटिल, दीपक पेंदोर, शहशाह शेख, निखिल पुनघंटी, अरविंद चहांदे, कपिल गोगला, और अनवर सिद्दीकी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com