फिर एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी शिक्षक को किया अरेस्ट

POCSO Case In Chandrapur: चंद्रपुर में नाबालिग छात्रा से यौन शोषण के मामले में शिक्षक को पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत गिरफ्तार किया। परिजनों को मोबाइल चैट से पता चला और FIR दर्ज की गई।
फिर एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म
फिर एक नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म (सौजन्यः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Chandrapur News: नासिक के मालेगांव में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना की आग अभी शांत भी नहीं हुई थी कि चंद्रपुर में एक शिक्षक द्वारा नाबालिग छात्रा के साथ यौन अत्याचार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में शहर पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज कर दुष्कर्म के आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी शिक्षक का नाम दिलीप दादाजी मडावी (53) है। पीड़ित लड़की 5 साल पहले राजुरा पुलिस स्टेशन के तहत एक स्कूल में कक्षा 6वीं में पढ़ती थी। शिक्षक भी वहीं काम करता था। चूंकि पीड़ित लड़की पढाई में काफी होशियार थी, इसलिए मड़ावी ने उसके माता-पिता को सलाह दी कि वे उसे प्राथमिक की पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे की पढ़ाई के लिए चंद्रपुर भेज दें।

इसलिए, लड़की पिछले साल पढ़ाई के लिए चंद्रपुर आ गई। इस बीच, लड़की के माता-पिता शिक्षक के हाथों कुछ जरूरी सामान अपनी बेटी के लिए भेजते थे। फिर शिक्षक उसके कमरे में जाता और लड़की को घर का सामान देने के बहाने अपनी कार में बैठा लेता और उसका शोषण करता। लेकिन, बदनामी के डर से लड़की ने यह बात कहीं नहीं बताई। 20 नवंबर को जब परिवार को इस बारे में पता चला तो वे पुलिस स्टेशन पहुंचे। पुलिस इंस्पेक्टर निशीकांत रामटेके के मार्गदर्शन में पुलिस उपनिरीक्षक तृप्ति खंडाईत ने पीड़ित लड़की का बयान लिया और आरोपी शिक्षक दिलीप मडावी के खिलाफ BNS (75 (1), 64 (2), IMF 65 1, 352, 4, 6, 12 POCSO 66 (E) 67 (A) IT एक्ट के तहत केस दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया।

पैरों तले जमीन खिसक गई

पुलिस के मुताबिक आरोपी पीड़िता को रात में बाथरूम जाने और बिना कपड़ों के वीडियो कॉल करने के लिए कहता था। उसने इस कॉल का स्क्रीनशॉट भी ले लिया था। 20 नवंबर 2025 को यह स्क्रीनशॉट और चैटिंग गलती से पीड़ित लड़की के पिता के मोबाइल में चली गई। इससे अभिभावकों के पैरों तले जमीन खिसक गई, उन्होंने लड़की से इस बारे में पूछा, तो उसने घटना बताई, उसके बाद पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।

घुग्घुस केंद्र में भी शिकायत

दिलीप मडावी का कुछ दिनों पहले घुग्घुस केंद्र के एक स्कूल में स्थानांतरण हो गया था। पहले भी, वह लड़कियों को डंडे से पीटता था। शिक्षक की शिकायत अभिभावकों से की गई। वे स्कूल पहुंचे और शिक्षक को जमकर फटकार लगाई। मामला पुलिस स्टेशन भी गया। हालांकि, पता चला है कि कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई। आखिर में, अभिभावकों ने शिक्षक का स्थानांतरण करने की मांग की।

Navbharat Live
navbharatlive.com