चंद्रपुर में 2756 बालिकाओं को लगेगा मुफ्त एचपीवी टीका; कैंसर से बचाव के लिए महानगरपालिका की विशेष मुहिम शुरू

Chandrapur News: चंद्रपुर महानगरपालिका 14-15 वर्ष की 2756 बालिकाओं को मुफ्त एचपीवी वैक्सीन देगी। गर्भाशय मुख के कैंसर को रोकने के लिए यह 90 दिवसीय स्वैच्छिक अभियान सिटी टास्क फोर्स द्वारा संचालित है।
Chandrapur Corp to provide free HPV vaccines to 2,756 girls aged 14-15. This 90-day drive aims to prevent cervical cancer through schools and primary health centers.
चंद्रपुर महानगरपालिका HPV Vaccine (सौजन्य-नवभारत)
Published on
Updated on

Maharashtra Health Department News: चंद्रपुर महिलाओं में बढ़ते गर्भाशय मुख के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) की रोकथाम के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से चलाए जा रहे ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान के तहत चंद्रपुर शहर की पात्र 2756 बालिकाओं को महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग द्वारा मुफ्त एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। इस संबंध में चंद्रपुर महानगरपालिका के स्वास्थ्य विभाग की ओर से एचपीवी टीकाकरण अभियान तथा नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सिटी टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई।

यह बैठक महानगरपालिका की स्थायी समिति सभागार में दोपहर 4 बजे संपन्न हुई। बैठक में एचपीवी टीकाकरण अभियान के क्रियान्वयन, जनजागरूकता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) एक प्रकार का वायरस है, जिसके संक्रमण से महिलाओं मेंगर्भाशय मुख के कैंसर का खतरा बढ़ जाता है।

भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसरों में यह दूसरा सबसे अधिक पाया जाने वाला कैंसर है। वर्ष 2022 के आंकड़ों के अनुसार देश में लगभग 34,805 महिलाओं की मृत्यु इस बीमारी के कारण हुई है। इस बीमारी से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण को प्रभावी उपाय माना जाता है। यह एकमात्र ऐसा कैंसर है जिससे टीकाकरण के माध्यम से बचाव संभव है।

देशभर में चलाया जा रहा अभियान

केंद्र व राज्य सरकार के दिशानिर्देशों के अनुसार देशभर में यह अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत 14 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी लेकिन 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को एचपीवी वैक्सीन दी जाएगी। यह अभियान लगातार 90 दिनों तक चलेगा। टीकाकरण सुबह 9 से दोपहर 2 बजे तक तथा शनिवार को सुबह 9 से 12 बजे तक किया जाएगा। पात्र बालिकाओं को सुरक्षित वैक्सीन का एक ही डोज दिया जाएगा। यह टीकाकरण स्वैच्छिक होगा और अभिभावकों की लिखित सहमति के बाद ही वैक्सीन दी जाएगी।

टीकाकरण के दिन बालिकाओं को घर से नाश्ता या भोजन करके आने की सलाह दी गई है। चंद्रपुर महानगरपालिका क्षेत्र के 7 शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से यह अभियान चलाया जाएगा। साथ ही स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और नागरिकों के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा।

बैठक में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के अंतर्गत 0 से 5 वर्ष के बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं के टीकाकरण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। बैठक में उपायुक्त शेषराव टाले, सहायक आयुक्त शुभांगी सूर्यवंशी, वैद्यकीय स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नयना उत्तरवार, डॉ. अश्विनी भारत, डॉ. आरवा लाहिरी, डॉ। योगेश्वरी गाडगे, डॉ। शरयू गावंडे, डॉ. नेहा वैद्य, डॉ. जयश्री मालुसरे, डॉ. अल्फिया खान, डॉ. समृद्धि वासनिक, शारदा भुक्या तथा ग्रेस नगरकर उपस्थित थे। डॉ. अश्विनी भारत ने नियमित टीकाकरण सत्र के आयोजन पर पावर पॉइंट प्रस्तुतिकरण किया।

एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी

वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन का बांझपन, गर्भपात या जन्म दोष से कोई संबंध नहीं पाया गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी इस वैक्सीन को पूरी तरह सुरक्षित और प्रभावी बताया है। इसलिए अभिभावकों से अपील की गई है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न देते हुए अपनी बेटियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लें।

टीकाकरण के लिए आवश्यक दस्तावेज

महानगरपालिका के स्वास्थ्य केंद्रों में यू-विन (U-Win) पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर और अभिभावकों की सहमति के बाद ही टीकाकरण किया जाएगा। पंजीकरण के लिए अभिभावकों के मोबाइल नंबर से जुड़ा आधार कार्ड तथा जन्म प्रमाण पत्र आवश्यक रहेगा, उपायुक्त शेषराव टाले ने कहा कि चंद्रपुर शहर की 2756 पात्र बालिकाओं को कैंसर जैसे गंभीर रोग से सुरक्षित करना प्रशासन का लक्ष्य है।

इसके लिए महानगरपालिका के चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी के समन्वय में विशेष टीमें नियुक्त की गई है और अभिभावकों से इस अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागी होने की अपील की गई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com