

Highlights:
चंद्रपुर जिले के घुग्घुस में बच्चू कडू के नेतृत्व में हुए आंदोलन के मामले में पुलिस ने पहली गिरफ्तारी की है।
घुग्घुस पुलिस ने शिवसेना शिंदे गुट के ग्रामीण जिलाध्यक्ष मुकेश जीवतोड़े को मंगलवार को उनके वरोरा स्थित निवास से गिरफ्तार किया।
18 अक्टूबर को वेकोलि प्रशासन के खिलाफ निकाले गए पैदल मार्च और आंदोलन के मामले में बच्चू कडू समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया था।
WCL Protest Chandrapur: वेकोलि प्रशासन के विरोध में स्थानीय बेरोजगार भूमिपुत्रों को नौकरियों में 80 प्रतिशत प्राथमिकता देने सहित विभिन्न मांगों को लेकर बिना अनुमति आंदोलन करने तथा सार्वजनिक स्थान पर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को अश्लील गाली-गलौज कर धमकी देने के आरोप में विधान परिषद सदस्य बच्चू उर्फ ओमप्रकाश बाबाराव कडू समेत छह लोगों के खिलाफ घुग्घुस पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में शिवसेना शिंदे गुट के ग्रामीण जिलाध्यक्ष मुकेश जीवतोड़े को घुग्घुस पुलिस ने आज मंगलवार को उनके वरोरा स्थित निवास से गिरफ्तार किया।
देर शाम उन्हें जमानत मिल गई। पुलिस शिकायत के अनुसार, 18 अक्टूबर को बच्चू कडू के नेतृत्व में मौजा साखरा, पुलिस स्टेशन शिरपुर, तहसील वणी, जिला यवतमाल से घुग्घुस के कारगिल चौक तक पैदल मार्च निकाला गया था। वेकोलि प्रशासन के विरोध में आयोजित इस मार्च में स्थानीय बेरोजगार भूमिपुत्रों को नौकरी में 80 प्रतिशत प्राथमिकता देने सहित अन्य मांगों को लेकर त्रिशूल आंदोलन किया गया था।
आरोप है कि आंदोलन के लिए प्रशासन से कोई कानूनी पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी। पुलिस शिकायत में आरोप है कि इस दौरान बच्चू कडू ने वेकोलि प्रशासन और पुलिस के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
साथ ही पुलिसकर्मियों को कार्यकर्ताओं को नोटिस देने पर देख लेने की धमकी दी तथा जिलाधिकारी द्वारा तहसीलदार को भेजे जाने पर उन्हें पुल के नीचे फेंकने की धमकी दी। शिकायत में यह भी आरोप है कि उन्होंने अश्लील गाली-गलौज कर सरकारी कर्मचारियों को उनके कर्तव्य से रोकने का प्रयास किया। इस मामले में घुग्घुस पुलिस स्टेशन के पुलिस कांस्टेबल सुहास देविदास विधाते ने शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत में कहा गया है कि आंदोलनकारियों ने बिना पूर्व अनुमति जमाव एकत्रित कर सार्वजनिक स्थान पर लोकसेवकों को अश्लील गाली-गलौज की और उन्हें कर्तव्य निभाने से रोकने के लिए धमकियां दीं।
इसी शिकायत के आधार पर बच्चू कडू समेत छह आंदोलनकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसी मामले में यह पहली गिरफ्तारी हुई है। उक्त कार्यवाही घुग्घुस के एपीआई प्रफुल डाहुले के नेतृत्व में हेड कान्सटेबल अनिल बैठा, विशाल हुड, पुलिस कान्सटेवल प्रसन्नजीत डोर्लीकर ने की। आगे की जांच जारी है।