चंद्रपुर में अनधिकृत कपास बीज विक्रेताओं पर बड़ी कार्रवाई, 35 लाख रुपये का बीज स्टॉक जब्त

Illegal Seed Action: चंद्रपुर में खरीफ सीजन के मद्देनजर कृषि विभाग ने अवैध कपास बीज और खाद बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई की है। इस मुहिम में 5 केस दर्ज किए गए हैं और लाखों रुपये का स्टॉक जब्त हुआ है।
Illegal Cotton Seed Action
कपास के बीज प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स - सोशल मिडिया)
Published on: 
Updated on: 

Chandrapur Agriculture Department Raid: खरीफ सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित कृषि सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष गुणवत्ता नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत अनधिकृत कपास के बीज एवं उर्वरक बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

कृषि विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार अब तक अनधिकृत बीज बिक्री के 5 तथा उर्वरक बिक्री के 1 मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विशेष जांच दलों की कार्रवाई में बीज जब्ती के 5 मामले सामने आए हैं, जिनमें लगभग 35.08 लाख रुपये मूल्य का 17.75 क्विंटल बीज स्टॉक जब्त किया गया है।

वहीं उर्वरक जब्ती के एक मामले में लगभग 0.26 लाख रुपये मूल्य का 4.5 मीट्रिक टन उर्वरक स्टॉक जब्त किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 बीज विक्रय केंद्रों को बिक्री बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं तथा उनके पास उपलब्ध लगभग 33.69 लाख रुपये मूल्य के स्टॉक को सीलबंद किया गया है। इसके अलावा 20 उर्वरक विक्रय केंद्रों को भी बिक्री बंद करने के निर्देश दिए गए हैं और उनके लगभग 668.86 लाख रुपये मूल्य के स्टॉक को नियंत्रण में लिया गया है।

उर्वरक बिक्री में गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए 37 उर्वरक विक्रेताओं के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, जबकि 3 विक्रेताओं के लाइसेंस स्थायी रूप से रद्द कर दिए गए हैं। कृषि विभाग ने बताया कि मई-जून 2026 के दौरान अनधिकृत कपास बीज बिक्री के पांच गंभीर मामलों में अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

कृषि केंद्रों का किया जा रहा निरीक्षण

यह अभियान जिलाधिकारी वसुमना पंत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी पुलकित सिंह, चंद्रपुर जिला पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी, जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी शंकर तोटावार तथा कृषि विकास अधिकारी विरेंद्र राजपूत के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है। अभियान अधिकारी लकेश कटरे, जिला गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक श्रावण बोढे तथा तालुका स्तर के कृषि अधिकारियों की विशेष टीमों द्वारा जिले के विभिन्न कृषि केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है।

किसानों से अपील

कृषि विभाग ने किसानों से केवल अधिकृत कृषि केंद्रों से ही बीज एवं उर्वरक खरीदने, खरीद के समय पक्का बिल लेने और सुरक्षित रखने का आग्रह किया है। साथ ही किसी भी संदिग्ध बिक्री या अनधिकृत गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित कृषि अधिकारी अथवा जिला कृषि कार्यालय को देने का आह्वान किया गया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com