

बुलढाणा: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसे देख खुद डॉक्टर्स भी हैरान हो गए। आमतौर पर एक महिला जब गर्भवती होती है गर्भ में एक भ्रूण होता है, जो जन्म लेता है लेकिन यहां तो एक अलग ही स्थिति देखने को मिली है।
महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में एक 32 वर्षीय गर्भवती महिला में 'भ्रूण के अंदर भ्रूण' पाया गया है। यह एक अत्यंत दुर्लभ स्थिति है, जिसमें एक विकृत भ्रूण दूसरे भ्रूण के अंदर स्थित होता है। इस मामले की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया कि इस दुर्लभ विसंगति का पता तब चला जब 35 सप्ताह की गर्भवती महिला कुछ दिन पहले नियमित जांच के लिए बुलढाणा जिला महिला अस्पताल आई थी।
अधिकारी ने कहा कि अस्पताल में महिला के अल्ट्रासाउंड के दौरान डॉक्टरों को इस स्थिति का पता चला। अस्पताल के प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रसाद अग्रवाल ने मंगलवार को संवाददाताओं को बताया कि 'भ्रूण के अंदर भ्रूण' होना यह एक दुर्लभ मामला है और यह स्थिति पांच लाख में से एक में पाई जाती है।
उन्होंने कहा कि अब तक (पूरी दुनिया में) ऐसे केवल 200 मामले सामने आए हैं और वे भी प्रसव के बाद ही सामने आए। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने सामान्य रूप से विकसित हो रहे भ्रूण के पेट में भ्रूण जैसी संरचना देखी।
उन्होंने कहा, "मैं चौंक गया क्योंकि यह सामान्य नहीं है। यह 'भ्रूण में भ्रूण' की स्थिति है जो दुनिया में सबसे दुर्लभ मामलों में से एक है। हमने दूसरे डॉक्टर की सलाह ली और रेडियोलॉजिस्ट डॉ. श्रुति थोरात ने भी इस स्थिति की पुष्टि की।" अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि महिला को सुरक्षित प्रसव और आगे की प्रक्रिया के लिए छत्रपति संभाजीनगर के एक चिकित्सा केंद्र में भेजा गया है।
(एजेंसी इनपुट के साथ)