मुंबई को टीबी मुक्त बनाने के लिए बीएमसी का बड़ा अभियान, 26 मई से शुरू होगी विशेष स्क्रीनिंग

TB Free Mumbai Awareness Screening Campaign: मुंबई में टीबी के मामलों पर नियंत्रण और जागरूकता बढ़ाने के लिए बीएमसी और महाराष्ट्र लोक भवन ने ‘टीबी-फ्री मुंबई’ अभियान शुरू करने का फैसला किया है।
BMC Launches TB Free Mumbai Awareness Screening Campaign News
प्रतीकात्म तस्वीर (सौ. फ्रीपिक)
Published on
Updated on

BMC Launches TB Free Mumbai Awareness Screening Campaign News: देश को वर्ष 2025 तक क्षयरोग (टीबी) मुक्त बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को गति देने के लिए बीएमसी और महाराष्ट्र लोक भवन ने संयुक्त रूप से 'टीबी-फ्री मुंबई' अभियान शुरू करने का निर्णय लिया है।

यह विशेष जनजागरण एवं स्वास्थ्य अभियान 26 मई से मुंबई में शुरू किया जाएगा। अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर में टीबी के मामलों की समय पर पहचान, उपचार और बीमारी के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।

विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा

अभियान के तहत मुंबई के घनी आबादी वाले इलाकों, झोपड़पट्टियों और टीबी प्रभावित क्षेत्रों में विशेष स्क्रीनिंग अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्यकर्मी घर-घर जाकर संभावित मरीजों की पहचान करेंगे और जरूरत पड़ने पर उनकी जांच कराई जाएगी।

जागरूकता की कमी

बीएमसी का स्वास्थ्य विभाग इस अभियान का नेतृत्व करेगा, महाराष्ट्र लोक भवन सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवकों को जोड़कर जनभागीदारी सुनिश्चित करेगा। टीबी एक ऐसी बीमारी है जिसका समय पर पता चलने और नियमित उपचार मिलने पर पूरी तरह इलाज संभव है।

जागरूकता की कमी और उपचार अधूरा छोड़ने जैसी समस्याओं के कारण कई मरीज गंभीर स्थिति तक पहुंच जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अभियान के दौरान लोगों को टीबी के लक्षणों, जांच प्रक्रिया और मुफ्त उपचार सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी।

लोगों से सहयोग की अपील

अधिकारियों ने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है। उनका कहना है कि सामूहिक भागीदारी और समय पर इलाज के जरिए ही मुंबई को टीबी मुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com