सर्वसम्मति से राज्य के विधानसभा अध्यक्ष चुने गए राहुल नार्वेकर, प्रोटेम स्पीकर कालिदास कोलंबकर ने की घोषणा

महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में बीजेपी के राहुल नार्वेकर का चयन किया गया है। महाराष्ट्र विधानसभा में राहुल नार्वेकर को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। इसका फैसला खुद प्रोटेम स्पीकर कालिदास कोलंबकर ने लिया।
महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष बने बीजेपी के राहुल नार्वेकर
राहुल नार्वेकर
Updated on

मुंबई: महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में बीजेपी के राहुल नार्वेकर का चयन किया गया है। महाराष्ट्र विधानसभा में राहुल नार्वेकर को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया है। इसका फैसला खुद प्रोटेम स्पीकर कालिदास कोलंबकर ने लिया।

राहुल नार्वेकर ने रविवार को विधानसभा के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान भाजपा के राहुल नार्वेकर के साथ महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, दोनों उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार विशेष रूप से मौजूद थे।

निर्विरोध चुने गए नार्वेकर

महाराष्ट्र में इस समय राज्य की नवगठित 288 सदस्यीय विधानसभा का तीन दिवसीय विशेष सत्र शुरू है। आज इस विशेष सत्र का तीसरा और अंतिम दिन है, जहां सोमवार को राज्य विधानसभा में अध्यक्ष पद के लिए चुनाव आज हुआ। भाजपा विधायक राहुल नार्वेकर सोमवार को 15वीं महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष चुने गए। नार्वेकर ने रविवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्हें निर्विरोध चुना गया क्योंकि विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (एमवीए) ने चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था।

कोलाबा सीट से चुने गए नार्वेकर

करीब ढाई साल तक 14वीं विधानसभा के अध्यक्ष रहे भाजपा नेता नार्वेकर 20 नवंबर को हुए विधानसभा चुनाव में मुंबई की कोलाबा विधानसभा सीट से फिर से चुने गए हैं। विधानसभा अध्यक्ष के चुनाव के बाद नई सरकार को सदन में बहुमत साबित करना होगा।

इसके बाद राज्यपाल सी. पी. राधाकृष्णन राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष के रूप में अपने पिछले कार्यकाल के दौरान नार्वेकर ने फैसला सुनाया था कि बाल ठाकरे द्वारा स्थापित पार्टी में विभाजन के बाद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ‘‘असली शिवसेना'' है। उन्होंने यह भी फैसला दिया था कि अजित पवार के नेतृत्व वाला गुट असली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) है, जिसकी स्थापना शरद पवार ने की थी।

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com