भिवंडी में 'लव जिहाद' पर हंगामा! हिंदू संगठनों ने रुकवाई शादी, दूल्हा गिरफ्तार; जानें क्या है पूरा मामला

Bhiwandi Love Jihad Case: महाराष्ट्र के भिवंडी में एक अंतरधार्मिक शादी को लेकर भारी बवाल मच गया। हिंदू संगठनों के हस्तक्षेप के बाद शादी रोक दी गई। वहीं दुल्हे को गिरफ्तार कर लिया गया।
Bhiwandi Love Jihad Inter-Religion Marriage Controversy
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Updated on

Bhiwandi Inter-Religion Marriage Controversy: महाराष्ट्र के ठाणे जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां भिवंडी में होने वाली एक अंतरधार्मिक शादी को लेकर भारी बवाल मच गया। हिंदू संगठनों के हस्तक्षेप के बाद न केवल शादी रुक गई, बल्कि आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान अरमान शेख के रूप में हुई है, जो मूल रूप से डोंबिवली का रहने वाला है।

शादी के मंडप में हंगामा

मिली जानकारी के अनुसार, भिवंडी में एक हिंदू युवती और मुस्लिम युवक अरमान शेख का विवाह समारोह आयोजित किया गया था। जैसे ही इस शादी की खबर स्थानीय हिंदू संगठनों और कार्यकर्ताओं को मिली, वे बड़ी संख्या में विवाह स्थल पर पहुंच गए। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि यह मामला 'लव जिहाद' से जुड़ा है और युवती को गुमराह करके यह विवाह किया जा रहा था। मौके पर तनाव बढ़ता देख पुलिस को सूचना दी गई।

कैसे हुआ खुलासा ?

मामले में नया मोड़ तब आया जब युवती की उम्र और आरोपी के पिछले रिकॉर्ड की जांच शुरू हुई। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि अरमान शेख के खिलाफ पहले से ही कुछ गंभीर आरोप थे। पुलिस जांच के आधार पर, आरोपी अरमान शेख पर नाबालिग से संबंधित अपराधों के तहत POCSO कानून की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। हिंदू संगठनों ने दावा किया कि युवक ने अपनी पहचान छुपाकर या गलत जानकारी देकर युवती को फंसाया था।

पुलिस ने युवक को किया गिरफ्तार

भिवंडी पुलिस ने स्थिति को बिगड़ने से बचाने के लिए तुरंत कार्रवाई की और आरोपी अरमान शेख को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रहे हैं। युवती के दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है ताकि उसकी वास्तविक उम्र और शादी के लिए दी गई सहमति की कानूनी वैधता स्पष्ट हो सके। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण शांति बनी रही, जिसे देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

सोशल मीडिया पर आक्रोश

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिसमें हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता विवाह स्थल के बाहर नारेबाजी करते दिख रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस की मुस्तैदी की वजह से कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। फिलहाल, पुलिस अरमान शेख से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस तरह के अन्य मामले भी उससे जुड़े हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com