Maharashtra News: तुमसर शहर में मुख्य सड़कों और संकरे मार्गों पर लावारिस मवेशियों का जमावड़ा नागरिकों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बन गया है। पिछले कई महीनों से बनी इस स्थिति के बावजूद नगर परिषद प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
शहर के राजमार्गों और रिहायशी इलाकों में आवारा मवेशियों के झुंड के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें कई वाहन चालक घायल हो चुके हैं। व्यस्त बाजारों और सर्विस रोड पर मवेशियों के बीच खड़े रहने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है।
विशेष रूप से रात के समय काले रंग के मवेशी दिखाई नहीं देते, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के टकराने का खतरा बना रहता है। पहले से संकरी सड़कों पर अवैध पार्किंग और मवेशियों की मौजूदगी ने समस्या को और गंभीर बना दिया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, कई बार मवेशी सड़क के बीच में ही आपस में भिड़ जाते हैं, जिससे पैदल यात्रियों, खासकर महिलाओं और बच्चों में भय का माहौल बन जाता है।
दूध निकालने के बाद पशुओं को लावारिस छोड़ देना इस समस्या की एक बड़ी वजह बताया जा रहा है। दिनभर सड़कों पर घूमते ये मवेशी वाहन चालकों के हॉर्न के बावजूद हटते नहीं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।
इस अव्यवस्था पर रोष व्यक्त करते हुए बंटी भुरे ने कहा कि नप प्रशासन की विफलता के कारण शहर की सड़कें असुरक्षित हो गई हैं। उन्होंने मांग की है कि लावारिस पशुओं का तत्काल बंदोबस्त किया जाए और जिम्मेदार पशुपालकों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
फिलहाल, नागरिक प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं, ताकि संभावित बड़े हादसों को रोका जा सके।