

Sendurwafa Street Light Issue News: सेंदूरवाफा क्षेत्र में पिछले कई दिनों से स्ट्रीट लाइट बंद रहने के कारण नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मुख्य मार्ग सहित कई गलियों में अंधेरा पसरा होने से रात के समय आवागमन जोखिमभरा बन गया है। विशेष रूप से फ्लाईओवर के बोगदे के पास रोशनी नहीं होने से सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।क्षेत्र में महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता उत्पन्न हो गई है।
कई स्थानों पर इतनी अधिक अंधेरी स्थिति है कि राहगीरों को मोबाइल की रोशनी के सहारे रास्ता तय करना पड़ रहा है। हाल ही में क्षेत्र में दुर्घटना, हत्या और चोरी जैसी घटनाएं सामने आने के बाद नागरिकों में भय और असुरक्षा का माहौल और अधिक बढ़ गया है।
नागरिकों ने बताया कि स्ट्रीट लाइट बंद रहने की समस्या नई नहीं है, लेकिन इस बार लंबे समय से समाधान नहीं होने के कारण लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो किसी बड़ी अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल जांच कर उन्हें दुरुस्त किया जाए, ताकि क्षेत्र में रोशनी की व्यवस्था बहाल हो सके और नागरिक सुरक्षित वातावरण में आवागमन कर सकें।
नगरसेवक पंकज हेमराज मुंगुलमारे ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत कर व्यवस्था सुचारू की जानी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि संबंधित विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई नहीं की गई तो इस मुद्दे को उच्च स्तर पर उठाया जाएगा।