Bhandara Urban Development News: साकोली शहर में स्ट्रीट लाइट की कमी और आवारा कुत्तों के बढ़ते खतरे को लेकर गुटनेता संदीप बावनकुले ने नगर परिषद प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
उन्होंने बताया कि शहर के कई वार्डों में बिजली के खंभे तो लगाए गए हैं, लेकिन तकनीकी कारणों से स्ट्रीट लाइट चालू नहीं हो सकी हैं। अंधेरे के कारण विशेष रूप से महिलाओं और विद्यार्थियों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बावनकुले ने प्रशासन से मांग की कि विद्युत तारों और उपकरणों का काम युद्धस्तर पर पूरा कर हर गली-मोहल्ले में रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अंधेरे के कारण आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ रहा है, जिससे नागरिकों की सुरक्षा खतरे में है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि रोशनी केवल सुविधा नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा का अहम आधार है। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था होने से जहां दुर्घटनाओं में कमी आएगी, वहीं आवारा पशुओं के खतरे पर भी नियंत्रण संभव होगा।
नगर परिषद प्रशासन और नगराध्यक्ष ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया है। स्थानीय नागरिकों ने बावनकुले की इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि जल्द ही शहर में बेहतर रोशनी और सुरक्षित माहौल देखने को मिलेगा।