तहसीलदार के पुराने आवास में लगी आग, नागरिकों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

तहसीलदार के पुराने आवास में आग लगने से बड़ी घटना टली, स्थानीय लोगों की तत्परता से समय पर काबू पाया गया।
bandra-120
Published on
Updated on

Bhandara News: स्थानीय गणेश वार्ड में स्थित तहसीलदार के पुराने आवास में रविवार दोपहर करीब 1.30 बजे अचानक आग लग गई. आवास के आसपास दुकानें और मकान होने के कारण स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन समय रहते स्थानीय लोगों की सतर्कता और साहस से बड़ा हादसा टल गया.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पास की एक दुकान में काम कर रहे कर्मचारियों ने सबसे पहले आवास से धुआं उठते देखा और तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी.

इसी दौरान पास ही भारद्वाज की दुकान के समीप मौजूद बच्चों और युवाओं ने हालात की गंभीरता को समझते हुए तुरंत घरों से बाल्टियां लाकर पानी डालना शुरू कर दिया. सभी ने मिलकर कड़ी मेहनत से आग पर नियंत्रण पाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया.

सूचना मिलते ही पूर्व नगरसेवक हेमंत भारद्वाज ने नगर परिषद को फोन कर दमकल वाहन और कर्मचारियों को मौके पर बुलाया. गर्मी के मौसम में तेजी से फैलने वाली आग पर समय रहते काबू पा लिया गया.

घटना के समय हेमंत भारद्वाज, नगरसेवक कुणाल राउत सहित वार्ड के कई नागरिक और दुकानदार मौके पर मौजूद थे. यदि आग समय पर नहीं बुझाई जाती, तो आसपास के घरों और दुकानों को भारी नुकसान हो सकता था. स्थानीय नागरिकों की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है.

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com