मोहाड़ी: कान्हलगांव में सड़क पर बह रहा खेत का पानी, धान की सिंचाई से राहगीर परेशान, ग्राम पंचायत मौन

खेत का पानी सड़क पर बहने से ग्रामीणों को हो रही परेशानी, ग्राम पंचायत की उदासीनता पर उठे सवाल।
bandra-73
Published on
Updated on

Bhandara District News: मोहाड़ी तहसील के कान्हलगांव मुं. में खेत का पानी सड़क पर बहने से आवागमन बाधित हो रहा है। वैनगंगा नदी किनारे बसे इस गांव के दक्षिण हिस्से से गुजरने वाला मुख्य मार्ग जलमग्न हो जाने से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, मार्ग के समीप किसान संजय तितीरमारे के खेत में गर्मी के मौसम में धान की फसल लगाई गई है। खेत में भरे पानी का निकास सीधे सड़क की ओर हो रहा है, जिससे पूरी सड़क पर पानी फैल रहा है।

इस स्थिति के कारण नदी घाट की ओर जाने वाले तथा बोरगांव और हाईवे की दिशा में आने-जाने वाले किसानों और आम नागरिकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने संबंधित किसान को समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस मामले में ग्राम पंचायत भी उदासीन बनी हुई है। सरपंच गोलू रोटके से संपर्क करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिससे लोगों में नाराजगी है। वहीं उपसरपंच दादाराम भोयर ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com