Bhandara Wainganga Krishidhara Mahotsav News: भंडारा के विधायक नरेंद्र भोंडेकर ने कहा कि सरकार की नीतियां भले ही किसान केंद्रित हों, लेकिन किसानों को उनकी उपज का गारंटी भाव मिलना बेहद जरूरी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्राकृतिक आपदाओं और अनिश्चितता के चलते कई बार किसानों की मेहनत पर पानी फिर जाता है, ऐसे में न्यूनतम गारंटी भाव ही उन्हें आर्थिक सुरक्षा दे सकता है।
वे खात रोड स्थित रेलवे मैदान में आयोजित ‘वैनगंगा कृषिधारा महोत्सव 2026’ और ‘नव तेजस्विनी जिला स्तरीय प्रदर्शनी’ के उद्घाटन अवसर पर बोल रहे थे। कृषि विभाग, आत्मा और महिला आर्थिक विकास महामंडल (माविम) के संयुक्त तत्वावधान में यह महोत्सव 24 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है। विधायक भोंडेकर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और किसानों से नई योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की।
उन्होंने बताया कि जिले के 350 गांवों में पोकरा योजना लागू की जा रही है, जिसका लाभ पात्र किसानों तक पहुंचना चाहिए।
समारोह के दौरान माविम की ओर से आयोजित पुरुष सम्मान कार्यक्रम में पवनी और तुमसर तहसील के 120 पुरुषों को उनकी पत्नियों के साथ सम्मानित किया गया। साथ ही हरदोली के जिजामाता बचत समूह को 11 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया।
आत्मा की निदेशक उर्मिला चिखले ने बताया कि प्रदर्शनी में 160 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें आधुनिक कृषि यंत्र, बीज, खाद के साथ-साथ खेती में एआई तकनीक और ड्रोन के उपयोग का प्रदर्शन किया जा रहा है।
अगले चार दिनों में प्राकृतिक व जैविक खेती, सब्जी उत्पादन, खाद्य प्रसंस्करण और सूक्ष्म सिंचाई जैसे विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन सत्र आयोजित होंगे। साथ ही पशुपालन, दुग्ध व्यवसाय और मत्स्य पालन जैसे पूरक व्यवसायों पर भी जानकारी दी जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय महिला किसान वर्ष के तहत महिला सशक्तिकरण और पाक कला प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया है।
उद्घाटन समारोह में जिला कृषि अधीक्षक संगीता माने, जिला सूचना अधिकारी शैलजा वाघ, माविम प्रबंधक संगीता भोंगाडे, उपविभागीय अधिकारी पाथ्रीकर सहित कई अधिकारी और प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भूमेश नवखरे और राखी कहालकर ने किया।
प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक किसानों से इस प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील की है।