

Bhandara Tribal Farmers: टाटा ट्रस्ट के सहयोग तथा बायफ संस्था की ओर से संचालित उन्नत किसान समृद्ध विदर्भ परियोजना के अंतर्गत तुमसर तहसील के आदिवासी बहुल क्षेत्र के आलेसुर सहित आसपास के गांवों के जरूरतमंद किसानों को उन्नत एवं जलवायु के अनुकूल धान के बीज वितरित किए गए।
इस पहल का उद्देश्य किसानों की खेती को मजबूत बनाना और बदलते मौसम की चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना करने में उनकी सहायता करना है। वर्तमान समय में अनियमित वर्षा, बढ़ते तापमान और बदलती जलवायु के कारण कृषि क्षेत्र अनेक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में अधिक उत्पादन देने वाले, रोग प्रतिरोधी तथा बदलते मौसम के अनुकूल धान के बीज किसानों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
इसी उद्देश्य से परियोजना के तहत यह बीज वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरपंच प्रतिमा विश्राम धुर्वे, उपसरपंच रामचंद्र करमकर, ग्राम पंचायत अधिकारी शिवशंकर इनवाते, कुंडलिक टेंभरे, विष्णु राऊत, बोरकर, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, प्रगतिशील किसान तथा परियोजना के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत अधिकारी शिवशंकर इनवाते ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। लाभार्थी किसानों ने इस पहल पर संतोष व्यक्त करते हुए परियोजना के प्रति आभार जताया और विश्वास व्यक्त किया कि उन्नत बीजों के उपयोग से भविष्य में बेहतर उत्पादन प्राप्त होगा। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन उन्नत किसान समृद्ध विदर्भ परियोजना के जिला समन्वयक नंदेश्वर ने किया।