पोषण आहार की जांच के लिए SIT बनाएं, स्कूल भवनों में सुधार की आवश्यकता, सांसद प्रशांत पड़ोले ने की मांग

Bhandara Mid Day Meal: भंडारा में स्कूलों के मध्याह्न भोजन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की बदहाली पर सांसद प्रशांत पड़ोले ने चिंता जताई। उन्होंने SIT जांच और विशेष पैकेज की मांग की।
bhandara school mid day meal health centres prashant padole
सांसद प्रशांत पड़ोले(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

School Building Repair Bhandara: भंडारा जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यालयों में पी एम पोषण शक्ति योजना के तहत दिये जाने वाले भोजन में भ्रष्टाचार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए सांसद डॉ. प्रशांत पडोले ने विशेष जांच टीम बनाने की मांग की। साथ ही स्कूल भवनों को सुधारने जिले के लिए विशेष आर्थिक पैकेज मंजूर करने की मांग की है। भंडारा सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अपनी मांगे रखीं। सांसद पड़ोले ने जिला परिषद के शिक्षा सभापति नरेश ईश्वरकर, स्वास्थ्य सभापति आनंद मलेवार तथा संबंधित अधिकारियों के साथ मोहदुरा, नेरी, वडेगांव, पांढराबोडी, गायमुख और आंबागड स्थित जिला परिषद विद्यालयों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अनेक विद्यालयों की इमारतों में बड़ी-बड़ी दरारें तथा छतों से पानी टपकने की समस्या सामने आई। कई विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त शौचालय और स्वच्छतागृह उपलब्ध नहीं हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के परिसर में गंदगी तथा नागरिकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का अभाव भी दिखाई दिया। आंगनवाड़ी और स्कूलों के मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता को लेकर भी गंभीर शिकायतें मिलीं। एक्सपायरी डेट वाले मसाले, खानों में कीड़े और निष्कृष्ट दर्जे की खिचड़ी और दाल देखने मिली। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य से जुड़े इस विषय में प्रशासन को तत्काल कठोर कदम उठाने की आवश्यकता है ऐसा उन्होंने बताया।

विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव

सांसद डॉ. पडोले ने कहा कि शासन विभिन्न निर्माण कार्यों पर करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंताजनक है। उन्होंने सभी विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों का तकनीकी सर्वेक्षण, जर्जर भवनों की तत्काल मरम्मत तथा आवश्यक स्थानों पर नए निर्माण की मांग की। साथ ही पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा अनियमितता पाए जाने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सूरजागढ़ के लौह अयस्क से नया इस्पात उद्योग लगाएं

राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत के गुरुवार को भंडारा दौरे के दौरान हुई भेंट में सांसद डॉ. प्रशांत पड़ोले ने सूरजागढ़ क्षेत्र में उपलब्ध लौह अयस्क पर आधारित नया इस्पात उद्योग स्थापित करने की मांग रखी। साथ ही साकोली तहसील में भारत हेवी इलेक्ट्रकल लिमिटेड द्वारा सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए अधिग्रहित जमीन पर ही संयंत्र स्थापित करने का आग्रह किया। सांसद पड़ोले ने कहा कि सूरजागढ़ क्षेत्र में उपलब्ध लौह अयस्क का स्थानीय स्तर पर उपयोग करते हुए मूल्यवर्धित उद्योग स्थापित किया जाना चाहिए। इससे क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।

bhandara school mid day meal health centres prashant padole
Bhandar News: तकनीकी वेतनश्रेणी सहित विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन, भूमि अभिलेख कर्मियों का कार्य बहिष्कार

स्थानीय प्राकृतिक संसाधनों का लाभ क्षेत्र के लोगों को मिलना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि साकोली तहसील में सौर ऊर्जा संयंत्र के लिए अधिग्रहित भूमि का उपयोग भी क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिए किया जा सकता है। इस भूमि पर संयंत्र स्थापित होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। सांसद ने उद्योग मंत्री से दोनों प्रस्तावों पर आवश्यक पहल करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में बड़े उद्योग स्थापित होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और भंडारा जिले के औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com