भंडारा: कानफोड़ू आवाज निकालने वाली 15 बुलेट पर पुलिस की ‘सर्जिकल स्ट्राइक’; मॉडिफाइड साइलेंसर किए गए जब्त
Bhandara News: भंडारा में मॉडिफाइड साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर पुलिस का कड़ा रुख। खात रोड पर नाकाबंदी कर 15 बुलेट चालकों पर कार्रवाई की गई और अवैध साइलेंसर हटाए गए।
Bhandara Police News: भंडारा शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार के साथ कानफोड़ू आवाज निकालकर शांति भंग करने वाले बाइक सवारों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक शुरू कर दी है। अवैध साइलेंसर लगाकर ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले हुड़दंगियों पर लगाम कसने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक नुरुल हसन के मार्गदर्शन में विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले 15 दुपहिया चालकों पर दंडात्मक कार्रवाई की।
पिछले कुछ समय से शहर में बुलेट और अन्य दुपहिया वाहनों में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर घूमने वाले युवकों की संख्या काफी बढ़ गई थी। इन साइलेंसरों से निकलने वाली तेज और डरावनी आवाज बुजुर्गों, छोटे बच्चों और हृदय रोगियों के लिए बेहद कष्टदायक साबित हो रही थी। सड़कों पर अचानक गूंजने वाले इस शोर से राहगीरों में भी भय का माहौल बन रहा था।
बढ़ते ध्वनि प्रदूषण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने इन रफ्तार के सौदागरों को सबक सिखाने का फैसला किया।
सम्बंधित ख़बरें
छात्रों की सेहत से खिलवाड़! धारणी के आदिवासी आश्रम स्कूल में फूड पॉइजनिंग, मची अफरा-तफरी
पुणे में CNG संकट गहराया: कम गैस प्रेशर से पंपों पर लंबी कतारें, डीलर्स ने बिक्री बंद करने की दी चेतावनी
हिंगणी में दर्दनाक हादसा: मकान के स्लैब से गिरकर मजदूर गंभीर रूप से घायल, इलाज के दौरान तोड़ा दम
केंद्र में जाएंगे सीएम देवेंद्र फडणवीस? दिल्ली जाने की अटकलों पर खुद इंफ्रास्ट्रक्चर मैन ने तोड़ी चुप्पी
खात रोड परिसर में नाकाबंदी और धरपकड़
यातायात शाखा के पुलिस निरीक्षक जितेंद्र बोरकर और उनकी टीम ने शहर के संवेदनशील हिस्सों, विशेष रूप से खात रोड क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। पिछले 15 दिनों से जारी इस मुहिम के दौरान 15 मोटरसाइकिलें जब्त की गईं, जिनमें अवैध साइलेंसर लगे थे।
पुलिस ने न केवल इन चालकों पर भारी जुर्माना लगाया, बल्कि उन्हें तुरंत अवैध साइलेंसर हटाकर कंपनी के मूल साइलेंसर लगाने के निर्देश भी दिए।
इस कार्रवाई को पुलिस निरीक्षक जितेंद्र बोरकर के नेतृत्व में रमेश चोपकर, सुधीर कलमकर, प्रमोद गजभिये, मनोज भुते, हरीश बुंदेले, कार्तिक कामथे, अमित वंजारी, सागर मोहतुरे, राहुल फेंडर, सचिन जमजार, कपिल डोंगरे और प्रमोद तिजारे ने अंजाम दिया।
पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर के शांतप्रिय नागरिकों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन के प्रति संतोष व्यक्त किया है।
