भंडारा में रेत माफिया पर पुलिस का बड़ा एक्शन, कई थाना क्षेत्रों में छापेमारी, लाखों के वाहन और रेत जब्त

Illegal Sand Mining: भंडारा जिले में अवैध रेत उत्खनन और तस्करी के खिलाफ पुलिस एवं राजस्व विभाग ने संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है। कई आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
bhandara illegal sand mining police action sand mafia crackdown
Sand Mining (सोर्सः एआय जनरेटेड फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bhandara Police Action: भंडारा जिले के विभिन्न नदी पात्रों से बड़े पैमाने पर की जा रही अवैध रेत तस्करी के खिलाफ पुलिस और राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से मोर्चा खोला है। पिछले दो-तीन दिनों के भीतर करडी, आंधलगांव, दिघोरी, मोहाडी, तुमसर और पालांदुर पुलिस थाना क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर छापेमारी की गई।कार्रवाई के दौरान करडी थाना क्षेत्र के तहत वैनगंगा नदी पात्र (देव्हाडा खुर्द) में राजस्व विभाग की टीम ने अवैध रेत भरते दो ट्रैक्टरों को पकड़ा। निजी चालक नेकचंद बुरडे के जरिए जब्त ट्रैक्टर को मोहाडी तहसील कार्यालय ले जाते समय रास्ते में ट्रैक्टर मालिक विनोद बोरकर और उसके चालक ने बुरडे को नीचे उतारा और ट्रॉली में भरी रेत वहीं खाली कर वाहन समेत भाग निकले।

दूसरी कार्रवाई आंधलगांव पुलिस ने की,बावनथडी नदी से अवैध रेत उत्खनन कर परिवहन कर रहे मिनी ट्रक को कांद्री-पिटेसुर सीमेंट रोड पर नाकेबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस उपनिरीक्षक अनिल गेडाम की टीम ने ट्रक और 2 ब्रास रेत समेत 8,62,000 रुपये का माल जब्त कर चालक-मालिक पंकज तुपट (28) के खिलाफ मामला दर्ज किया। चिचाल से कोदामेडी रोड पर दिघोरी पुलिस ने बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे ट्रैक्टर को रोका। जांच में पाया गया कि देवनाथ धोंडे (19) बिना किसी रॉयल्टी व परमिट के 1 ब्रास रेत की तस्करी कर रहा था।

वैनगंगा और बावनथडी नदी से हो रही रेत चोरी पर पुलिस का शिकंजा

पुलिस ने 8,56,000 रुपये का माल जब्त किया है। मोहाडी पुलिस थाना क्षेत्र के रोहा में भी पुलिस अधिकारी भैयाजी धोंडे की टीम ने पेट्रोलिंग के दौरान ट्रैक्टर और ट्रॉली को पकड़ा।मोहित रहांगडाले (23) पुलिस को देखकर रेत को डांबरी रोड पर ही खाली करने लगा। पुलिस ने मौके से ट्रैक्टर, ट्रॉली, 1 ब्रास रेत और औजारों समेत 6,06,100 रुपये का माल जब्त किया।

तुमसर थाने के डोंगरला से सीतेपार रोड पर बिना नंबर के ट्रैक्टर से अवैध रेत ले जाते हुए गिरीश भगत (25) को पकड़ा गया।उसके पास रेत परिवहन का कोई वैध पास या रॉयल्टी रसीद नहीं थी, जिसके बाद पुलिस ने 8,00,000 रुपये की कीमत का ट्रैक्टर-ट्रॉली और 6,000 रुपये की रेत जब्त कर ली।

गुड मॉर्निंग गश्त ने पकडी तस्करी

पालांदुर पुलिस की टीम जब सुबह 5 बजे तई खुर्द में गुड मॉर्निंग गश्त पर थी, तब पानी की टंकी के पास ट्रैक्टर नंबर MH-35-AG-4307 से अवैध रेत ले जाते हुए चालक तुषार रंधये (20) को रोका गया। पंचों के समक्ष पुलिस ने 3,06,000 रुपये मूल्य का ट्रैक्टर, पुरानी ट्रॉली और 1 ब्रास रेत जब्त की। जांच में आरोपी के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com