

Bhandara Heatwave Maximum Temperature: भंडारा जिले में इस वर्ष गर्मी के तेवर समय से पहले ही तल्ख नजर आने लगे हैं। सूरज की तपिश और लू के थपेड़ों ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित करना शुरू कर दिया है। शहर की गलियों से लेकर ग्रामीण अंचलों तक, हर जगह लोग इसी बात की चर्चा कर रहे हैं कि इस साल गर्मी अपने पुराने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर सकती है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो भंडारा जिले में अब तक का सबसे अधिक तापमान 27 मई 2019 और 18 मई 2024 को 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। विशेषज्ञों और पुराने अनुभवों के अनुसार, जिले में गर्मी का चरम अधिकतर मई के महीने में ही देखने को मिलता है।
हालांकि, इस बार स्थिति चिंताजनक इसलिए है क्योंकि अभी अप्रैल का महीना ही चल रहा है और तापमान ने अभी से डराना शुरू कर दिया है। 25 अप्रैल को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
जबकि पिछले 10 दिनों तक जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास स्थिर बना रहा। विशेष रूप से 15 अप्रैल के बाद से पारे में कोई गिरावट दर्ज नहीं की गई है, जिससे वातावरण में उमस और तपिश बढ़ गई है।
यदि अप्रैल के दूसरे पखवाड़े से ही पारा 43 डिग्री पर पहुंचा है, तो मई के महीने में इसके 46 डिग्री सेल्सियस के ऐतिहासिक स्तर को पार करने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। भीषण गर्मी की आशंका को देखते हुए नागरिकों ने अभी से दोपहर के समय घरों से बाहर निकलना कम कर दिया है और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।
जिले में पिछले वर्षों के तापमान का विश्लेषण वर्ष एवं तिथि अधिकतम न्यूनतम
| वर्ष | तिथि | अधिकतम तापमान (°C) | न्यूनतम तापमान (°C) |
|---|---|---|---|
| 2019 | 27 मई | 46.0 | 29.0 |
| 2020 | 26 मई | 45.0 | 28.0 |
| 2021 | 20 मई | 44.0 | 27.0 |
| 2022 | 19 मई | 45.0 | 28.0 |
| 2023 | 22 मई | 44.0 | 25.0 |
| 2024 | 18 मई | 46.0 | 28.0 |
| 2025 | 23 अप्रैल | 44.0 | 28.0 |