भंडारा: हर्षोल्लास के साथ मनाई गई ईद-उल-फितर; मस्जिदों में उमड़ा जनसैलाब

ईद उल फितर का त्योहार भंडारा में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जहां मुस्लिम समुदाय ने सामूहिक नमाज अदा की और एक-दूसरे को मुबारकबाद दी।
bandra-151
Published on: 
Updated on: 

Bhandara Eid-ul-Fitr 2026 News: पवित्र रमजान माह की समाप्ति के बाद जिलेभर में ईद उल फितर का त्योहार हर्षोल्लास और धार्मिक वातावरण में मनाया गया। शनिवार सुबह शहर के मुख्य ईदगाह मैदान और विभिन्न मस्जिदों में हजारों मुस्लिम भाइयों ने एकत्र होकर सामूहिक नमाज अदा की।

नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर “ईद मुबारक” कहते हुए शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया। सुबह 6.30 से 8 बजे के बीच अलग-अलग स्थानों पर नमाज अदा की गई। मस्जिदों में इमाम के मार्गदर्शन में खुतबा पढ़ा गया और देश में सुख-शांति, समृद्धि तथा आपसी भाईचारा बनाए रखने की दुआ मांगी गई।

इस मौके पर विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्रों के लोगों के साथ हिंदू समाज के नागरिकों ने भी मस्जिदों के बाहर मुस्लिम भाइयों का गुलाब के फूलों से स्वागत किया। इससे शहर में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली।

मेंढा, तकिया वार्ड, सौदागर मोहल्ला और खांब तालाब सहित मुस्लिम बहुल क्षेत्रों में सुबह से ही उत्सव का माहौल रहा। नए परिधान, अत्तर की खुशबू और घर-घर में बने शीरखुर्मा ने त्योहार की खुशियों को और बढ़ा दिया।

नमाज के बाद मुस्लिम परिवारों में रिश्तेदारों और मित्रों के लिए विशेष दावतों का आयोजन किया गया। बड़ी संख्या में अन्य समुदायों के लोगों ने भी इसमें शामिल होकर सामाजिक सौहार्द को मजबूत किया।

गरीबों की मदद और जरूरतमंदों को दान देना भी इस पर्व का अहम हिस्सा रहा। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने शहर के प्रमुख चौराहों और मस्जिदों के पास कड़ा बंदोबस्त किया था।

 लाखनी में भी उत्साह

लाखनी में भी ईद उल फितर का पर्व उत्साह और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह स्थानीय ईदगाह में मुस्लिम समाज के लोगों ने सामूहिक नमाज अदा कर अमन-चैन की दुआ मांगी। पूरे क्षेत्र में खुशी और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com