Bhandara CM Relief Fund News: भंडारा जिला कलेक्टर कार्यालय में संचालित मुख्यमंत्री सहायता निधि एवं धर्मादाय अस्पताल सहायता कक्ष के माध्यम से पिछले तीन महीनों में जिले के जरूरतमंद मरीजों को बड़ी राहत मिली है। इस अवधि के दौरान कुल 18 लाभार्थियों के लिए 15 लाख 20 हजार रुपये की वित्तीय सहायता मंजूर की गई है।
यह निधि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे उन गरीब मरीजों के लिए जीवनदान साबित हो रही है, जो अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे थे। उल्लेखनीय है कि इस योजना के तहत कैंसर, हृदय रोग, अंग प्रत्यारोपण, डायलिसिस और मस्तिष्क रोगों जैसे गंभीर उपचारों के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।
पूर्व में इस सहायता के लिए नागरिकों को मुंबई स्थित मंत्रालय के चक्कर काटने पड़ते थे, जिससे समय और धन की काफी बर्बादी होती थी। आम जनता की इस असुविधा को दूर करने के लिए राज्य सरकार ने प्रत्येक जिला कलेक्टर कार्यालय में ही सहायता कक्ष स्थापित करने का निर्णय लिया।
इसी कड़ी में भंडारा जिला कार्यालय में 1 मई 2025 से यह कक्ष सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। योजना का लाभ लेने के लिए मरीज के परिवार की वार्षिक आय 1.60 लाख रुपये तक होना अनिवार्य है। आवेदन के साथ आधार कार्ड, राशन कार्ड, आय प्रमाण पत्र और चिकित्सा खर्च का अनुमानित बजट जैसे आवश्यक दस्तावेज जमा करने होते हैं।
जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनीष बत्रा ने जिले के पात्र और जरूरतमंद नागरिकों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया है ताकि धन के अभाव में किसी का उपचार न रुके।