महाराष्ट्र के एक गांव में जमीन और घरों में अचानक आई दरारें, लोगों में दहशत, डरा रही तस्वीरें

Beed district: बीड जिले के कपिलधारवाड़ी गांव में जमीन पर दरारें पड़ने के बाद 400 लोगों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया। जीएसआई टीम ने स्थिति की जांच की।
Beed News
महाराष्ट्र के एक गांव में जमीन और घरों में अचानक आई दरारें, लोगों में दहशत, डरा रही तस्वीरें
Published on: 
Updated on: 

Maharashtra News: महाराष्ट्र में बीड जिले के एक गांव में जमीन पर दरारें पड़ने के बाद वहां रह रहे लगभग 400 लोगों को वहां से एहतियातन हटा दिया गया है और भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की एक टीम ने गांव का दौरा किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी के अनुसार, कपिलधार जलप्रपात से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित कपिलधारवाड़ी गांव में एक अक्टूबर को दरारें दिखनी शुरू हुईं, जो समय के साथ बढ़ती चली गईं। बीड के जिलाधिकारी विवेक जॉनसन ने 'पीटीआई-भाषा' को बताया, “इनमें से एक दरार अब पांच से छह फुट तक की हो चुकी है। भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की टीम ने दरारों की जांच की है।”

गांव में लगभग 85 परिवारों के 400 लोग रहते थे। सभी को सुरक्षित रूप से मनमठ स्वामी मंदिर के विश्रामगृह में स्थानांतरित कर दिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावितों के पुनर्वास के लिए एक स्थान की पहचान कर ली गई है और प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा, “जीएसआई की विस्तृत रिपोर्ट अब तक नहीं आई है।” अधिकारियों ने कहा कि हालात पर नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन सतर्क है।

Navbharat Live
navbharatlive.com