धनंजय मुंडे के खिलाफ बस सबूत मिलने की देरी...चंद्रकांत पाटिल ने दिलाया भरोसा, इस्तीफे तक पहुंचेगी बात

महाराष्ट्र में सरपंच देशमुख हत्याकांड की ज्वाला शांत नहीं हुई है। रविवार को गणतंत्र दिवस के अवसर पर बीड और धुले जिले में दो लाेगों ने आत्मदाह करने की काेशिश की। इस पर चंद्रकांत पाटिल का बयान आया है।
Chandrakant Patil
चंद्रकांत पाटिल (सौजन्य-सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

मुंबई: महाराष्ट्र के बीड जिले के मसाजोग गांव के सरपंच की हत्या को अब दो महीने का समय होने जा रहा है लेकिन अभी तक दोषियों को सजा नहीं मिल पाई है। इस मामले में महाराष्ट्र के मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने कहा है कि अगर सरपंच संतोष देशमुख की हत्या के मामले में धनंजय मुंडे के खिलाफ सबूत मिलते हैं तो उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देने के लिए कहा जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता पाटिल ने रविवार को सांगली में संवाददाताओं से कहा कि देशमुख की हत्या की व्यापक जांच की जा रही है। राज्य के मंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) नेता धनंजय मुंडे के सहयोगी वाल्मीक कराड को सरपंच की हत्या से जुड़े जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

जबरन वसूली मामला

बीड जिले के मसाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख का 9 दिसंबर को अपहरण कर लिया गया, उन्हें प्रताड़ित किया गया और फिर उनकी हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच से पता चलता है कि सरपंच ने इलाके में एक पवनचक्की परियोजना का संचालन करने वाली बिजली कंपनी से जबरन वसूली के प्रयास को विफल करने की कोशिश की थी। बीड जिले के परली से राकांपा विधायक मुंडे, कराड के साथ अपने संबंधों को लेकर सत्तारूढ़ गठबंधन के कुछ सहयोगियों और विपक्ष के निशाने पर हैं। भाजपा नेता चंद्रकांत पाटिल ने कहा, ''संतोष देशमुख की हत्या के मामले में जांच चल रही है। हर मामला अलग होता है। सरकार के मुखिया होने के नाते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस फैसले लेने में पूरी तरह सक्षम हैं। अगर उन्हें लगेगा कि आरोपों में सच्चाई है तो वे तुरंत कार्रवाई करेंगे और मुंडे को इस्तीफा देने को कहेंगे।''

आरोपियों की संपत्ति जब्त

पाटिल ने कहा, ''सरपंच देशमुख हत्या मामले में महाराष्ट्र सरकार ने आरोपियों की संपत्ति जब्त कर ली है। आरोपियों पर सख्त धाराएं लगाई गई हैं और मामले की जांच चल रही है।'' पाटिल ने कहा कि पुलिस मामले की सक्रियता से जांच कर रही है और इसकी जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का भी गठन किया गया है।

मंत्री ने कहा कि इसके अलावा जांच की निगरानी के लिए सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में एक समिति बनाई गई है। पाटिल ने कहा कि वाल्मीक कराड और अन्य आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत सख्त कार्रवाई करने समेत अन्य कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कराड की संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया भी चल रही है। (एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live
navbharatlive.com