महाराष्ट्र में बढ़ेगी ठंड या होगी बारिश? मूरासू-अर्नब के बाद बंगाल की खाड़ी में तीसरे चक्रवात के संकेत

Bay Of Bengal New Cyclone: बंगाल की खाड़ी में 16 नवंबर तक चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है। जानें महाराष्ट्र, मुंबई, कोंकण और विदर्भ में बारिश या मौसम में बदलाव को लेकर IMD का ताजा पूर्वानुमान।
Maharashtra Weather Update Bay Of Bengal New Cyclone Alert
मुंबई का तट(सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • मूरासू-अर्नब के बाद बंगाल की खाड़ी में नया चक्रवाती तूफान बनने की संभावना है।

  • बंगाल की खाड़ी में उठ रहें संभावित चक्रवात से फिलहाल महाराष्ट्र को खतरा नहीं है।

  • यदि चक्रवात बनता है, तो महाराष्ट्र की ठंड में बारिश का तड़का लग सकता है।

Maharashtra Weather Update Cyclone Alert: अर्नब और मूरासू चक्रवात के बाद बंगाल की खाड़ी में एक बार फिर मौसमी हलचल तेज हो गई है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। IMD के 13 नवंबर के ताजा बुलेटिन के मुताबिक, यह सिस्टम 15 नवंबर की सुबह तक डिप्रेशन और 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान में तब्दील हो सकता है।

लगातार तीसरे संभावित तूफान की आहट के बीच महाराष्ट्र में भी यह सवाल उठ रहा है कि क्या मुंबई, कोंकण और राज्य के दूसरे हिस्सों में इसका असर देखने को मिलेगा? फिलहाल राज्य में ठंड बढ़ रही है, मगर चक्रवात के चलते बादल और बारिश के भी आसार हो सकते हैं।

15 नवंबर को डिप्रेशन, 16 नवंबर को चक्रवात बनने की संभावना

IMD के मुताबिक, मध्य अंडमान सागर और आसपास के क्षेत्रों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 13 नवंबर की सुबह दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है। 14 नवंबर को यह और स्पष्ट होकर वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया बनेगा। इसके बाद 15 नवंबर की सुबह तक डिप्रेशन में बदल सकता है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि इसके बाद सिस्टम उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और 16 नवंबर की शाम तक मध्य बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। हालांकि, इसके आगे की दिशा, तीव्रता और संभावित लैंडफॉल को लेकर अलग-अलग मौसम मॉडल में एकराय नहीं है। इसलिए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि तूफान किस तट की ओर बढ़ेगा।

अर्नब और मूरासू के बाद तीसरे तूफान की आहट

बंगाल की खाड़ी में यह नया सिस्टम ऐसे समय विकसित हो रहा है, जब अक्टूबर के आखिरी सप्ताह और नवंबर की शुरुआत में दो चक्रवात आंध्र प्रदेश के तट से टकरा चुके हैं।

अर्नब 28 अक्टूबर को नरसापुर के पास बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में तट से टकराया था। इसके बाद मूरासू 3 नवंबर की सुबह नेल्लोर और नरसापुर के बीच ओंगोल के करीब दक्षिण आंध्र प्रदेश तट से गुजरा था। मूरासू के अवशेषों के कारण 5 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई थी।

महाराष्ट्र पर क्या पड़ेगा असर?

महाराष्ट्र राज्य के लिए फिलहाल राहत की बात यह है कि IMD के 13 नवंबर को जारी उप-मंडलवार मौसम अलर्ट में कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा तथा विदर्भ के लिए 19 नवंबर तक कोई चेतावनी दर्ज नहीं की गई है। मुंबई के लिए जारी स्थानीय पूर्वानुमान में भी 14 से 19 नवंबर तक साफ आसमान और किसी मौसम चेतावनी का उल्लेख नहीं है।

IMD के 12 नवंबर के विस्तारित पूर्वानुमान में भी पश्चिम, मध्य और दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में सप्ताह के दौरान किसी महत्वपूर्ण मौसमी गतिविधि की संभावना नहीं जताई गई थी। दूसरी ओर, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।

इसका मतलब है कि फिलहाल महाराष्ट्र में इस सिस्टम के कारण भारी बारिश या चक्रवात जैसी स्थिति का कोई आधिकारिक संकेत नहीं है। हालांकि, यदि सिस्टम की दिशा या तीव्रता में बदलाव होता है तो आगे के पूर्वानुमान में भी बदलाव संभव है।

अरब सागर में फिलहाल चक्रवात की संभावना नहीं

IMD के 13 नवंबर के ट्रॉपिकल वेदर आउटलुक के अनुसार, अरब सागर में भी पूर्वी-मध्य हिस्से और लक्षद्वीप के उत्तरी क्षेत्रों के पास ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है। लेकिन अगले 168 घंटों में वहां डिप्रेशन बनने की संभावना शून्य बताई गई है। यानी महाराष्ट्र के पश्चिमी तट के सामने अरब सागर में फिलहाल किसी नए चक्रवात के विकसित होने का अनुमान नहीं है।

Maharashtra Weather Update Bay Of Bengal New Cyclone Alert
मोदी की कुर्सी पर फडणवीस की नजर? पवन खेड़ा ने PM पद से जोड़ दी महाराष्ट्र CM की महत्वाकांक्षा

मौसम मॉडल में लैंडफॉल को लेकर मतभेद

मौसम विभाग के बुलेटिन में बताया गया है कि कई मॉडल सिस्टम के उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के बाद उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे जाने का संकेत दे रहे हैं। कुछ मॉडल इसे उत्तर आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ता दिखा रहे हैं, जबकि IMD GFS और CMC जैसे मॉडल अलग संकेत दे रहे हैं। इसलिए संभावित लैंडफॉल की जगह अभी स्पष्ट नहीं है। IMD ने भी आगे की दिशा और तीव्रता को लेकर मॉडल के अनुमानों में अंतर स्वीकार किया है।

फिलहाल बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम मौसम विभाग की निगरानी में है। अगले 48 से 72 घंटे इसके रास्ते और ताकत के लिहाज से महत्वपूर्ण होंगे। महाराष्ट्र में अभी किसी चक्रवाती खतरे का अलर्ट नहीं है, लेकिन तटीय इलाकों के मौसम पर नजर बनाए रखना जरूरी होगा।

Maharashtra Weather Update Bay Of Bengal New Cyclone Alert
पहले सुनेत्रा पवार के ऑफिस से फोन, अब पार्थ पवार की विधायकों के साथ अचानक बैठक; NCP में क्या पक रहा है?

महाराष्ट्र पर क्या पड़ेगा असर?

फिलहाल भले ही महाराष्ट्र को इस तूफान से कोई अलर्ट या खतरा न हो, पर जल्द ही यह साफ होगा कि चक्रवात रूप लेता है या नहीं। यदि चक्रवात बनता है, तो निश्चित ही महाराष्ट्र की धीरे-धीरे बढ़ती ठंड में अचानक बादल और बारिश से भरे मौसम का तड़का लग सकता है।